ऑपरेशन सिंदूर: शहीद हुए 6 वीर जवानों के नाम पहली बार सार्वजनिक, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की वेबसाइट पर दर्ज

नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए छह वीर सैनिकों के नाम पहली बार सार्वजनिक किए गए हैं। इन जवानों के नाम राष्ट्रीय युद्ध स्मारक (National War Memorial) की आधिकारिक वेबसाइट के ‘रोल ऑफ ऑनर’ सेक्शन में शामिल किए गए हैं, जहां देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि दी जाती है। जारी सूची के अनुसार, शहीद सैनिकों में सूबेदार मेजर पवन कुमार, रायफलमैन सुनील कुमार, लांस नायक दिनेश कुमार, एवीएम (Aviation) मूद मुरलीनायक, हवलदार सुनील कुमार सिंह और सुरेंद्र कुमार शामिल हैं। इन सभी जवानों ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।

राष्ट्रीय युद्ध स्मारक के रोल ऑफ ऑनर में शामिल हुए नाम

राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की वेबसाइट पर मौजूद रोल ऑफ ऑनर में अब कुल 26,626 शहीद सैनिकों के नाम दर्ज हैं। इस सूची में वर्ष 1947-48 के भारत-पाकिस्तान युद्ध से लेकर विभिन्न सैन्य अभियानों और हालिया ऑपरेशन सिंदूर तक में शहीद हुए सैनिकों के नाम शामिल हैं।

पहली बार सामने आई आधिकारिक जानकारी

रिपोर्ट के अनुसार, ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए सैनिकों के नाम पहली बार आधिकारिक रूप से सार्वजनिक किए गए हैं। इससे पहले कुछ जवानों की शहादत को लेकर अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट्स सामने आई थीं, लेकिन सरकार की ओर से आधिकारिक तौर पर नाम जारी नहीं किए गए थे। अब राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की वेबसाइट पर इन छह सैनिकों के नाम दर्ज होने के बाद उनके सर्वोच्च बलिदान को औपचारिक रूप से सम्मान दिया गया है। यह सूची देश के उन वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि है जिन्होंने विभिन्न युद्धों और सैन्य अभियानों में अपने प्राण न्योछावर किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *