ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

गुजरात में 12 अप्रैल से शुरू हो जाएगा नामांकन, 19 तक भर सकेंगे

लोकसभा चुनाव के लिए शुक्रवार से गुजरात में नामांकन पत्र भरे जाएंगे। चुनाव आयोग 12 अप्रैल को तीसरे चरण के चुनाव के लिए नोटिफिकेशन जारी करेगा। इसके साथ ही गुजरात में नामांकन दाखिल करने का दौर शुरू हो जाएगा जो 19 अप्रैल तक जारी रहेगा। 20 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी, वहीं 22 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। गुजरात में 7 मई को मतदान होगा।

देश में लोकसभा चुनाव 7 चरणों में होगा। प्रथम चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा और 7 चरणों के बाद 4 जून को चुनाव परिणाम आएगा। गुजरात में भाजपा ने अपने सभी 26 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। पार्टी ने सभी केन्द्रीय मंत्रियों और प्रमुख नेताओं के नामांकन की तारीख भी तय कर दी है। जिसके तहत केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह 19 अप्रैल को गांधीनगर में, केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया पोरबंदर में 15 अप्रैल को, केन्द्रीय मंत्री परषोत्तम रूपाला 16 अप्रैल को, केन्द्रीय राज्य मंत्री देवुसिंह चौहाण 16 अप्रैल को नडियाद और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल 18 अप्रैल को नवसारी में नामांकन दाखिल करेंगे।

वहीं, कांग्रेस राज्य में 24 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। दो सीट भावनगर और भरूच उसने समझौते के तहत आम आदमी पार्टी को दी है। राज्य की चार सीटों के लिए कांग्रेस उम्मीदवार का नाम घोषित किया जाना बाकी है, जिनमें राजकोट, अहमदाबाद पूर्व, मेहसाणा और नवसारी सीट शामिल है। बुधवार को अहमदाबाद दौरे पर आए गुजरात कांग्रेस प्रभारी मुकुल वासनिक ने कहा कि राज्य में शेष बची लोकसभा की सीटों पर पार्टी जल्द ही उम्मीदवारों की घोषणा करेगी।

आम आदमी पार्टी ने अपने हिस्से आई दो सीटों भरूच से चैतर वासावा और भावनगर से उमेश मकवाणा के नाम पहले ही तय कर दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *