• March 13, 2026

IPL 2026 से पहले नितीश राणा का बड़ा खुलासा, ऋषभ पंत की सलाह पर ज्वाइन की दिल्ली कैपिटल्स

आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने वाली है। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज Nitish Rana ने अपनी नई टीम को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि आईपीएल 2026 से पहले दिल्ली कैपिटल्स ज्वाइन करने का फैसला उन्होंने भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज Rishabh Pant की सलाह पर लिया था।

दिल्ली कैपिटल्स द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में राणा ने बताया कि टीम ज्वाइन करने से पहले उन्होंने सिर्फ एक ही खिलाड़ी से सलाह ली थी और वह थे ऋषभ पंत।

पंत से ली थी सलाह

राणा ने वीडियो में कहा, “एक ही इंसान था जिससे मैंने पूछा कि मुझे डीसी ज्वाइन करना चाहिए या नहीं और वो ऋषभ था। वह इस फ्रेंचाइजी के लिए लंबे समय तक खेल चुका है और टीम की कप्तानी भी कर चुका है। उसे टीम के माहौल और अंदरूनी चीजों के बारे में अच्छी जानकारी है।”

उन्होंने आगे बताया कि उन्हें लगा कि करियर से जुड़ा इतना बड़ा फैसला लेने से पहले पंत से सलाह लेना सही रहेगा, क्योंकि वह उन्हें भी अच्छी तरह जानते हैं।

तीन सेकंड में दिया जवाब

राणा के मुताबिक, पंत ने उन्हें जवाब देने में ज्यादा समय नहीं लगाया। उन्होंने कहा, “उसने सिर्फ तीन सेकंड में कहा कि इससे बेहतर तुम्हारे लिए कुछ नहीं हो सकता, बस चुपचाप हां बोल दो। उसके बाद मैंने इस फैसले पर फिर कभी चर्चा नहीं की।”

दिल्ली ने शेयर किया वीडियो

दिल्ली कैपिटल्स ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर यह वीडियो साझा किया, जिसमें राणा अपनी नई टीम में शामिल होने के पीछे की कहानी बताते नजर आए। आगामी सीजन में वह Axar Patel की कप्तानी में खेलते हुए दिखाई देंगे।

दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल 2026 में अपना पहला मुकाबला 1 अप्रैल को Lucknow Super Giants के खिलाफ खेलेगी।

नितीश राणा का IPL करियर

नितीश राणा ने आईपीएल में अपना डेब्यू 2016 में Mumbai Indians के लिए खेलते हुए किया था। इसके बाद वह Kolkata Knight Riders और Rajasthan Royals का भी हिस्सा रह चुके हैं।

आईपीएल करियर की बात करें तो राणा अब तक 118 मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 112 पारियों में 27.97 की औसत से 2853 रन बनाए हैं, जिसमें 20 अर्धशतक शामिल हैं। अब आईपीएल 2026 में वह दिल्ली कैपिटल्स के लिए नई शुरुआत करते नजर आएंगे।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *