मुजफ्फरपुर प्रसाद हॉस्पिटल अग्निकांड: ICU में आग से 5 मरीजों की मौत, 95 वर्षीय दादी की सूझबूझ से बचीं कई जानें
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित मशहूर प्रसाद हॉस्पिटल में बीती रात हुए भीषण अग्निकांड में अब तक 5 मरीजों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। आग अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित ICU वार्ड में लगी, जहां गंभीर रूप से बीमार मरीज भर्ती थे और कई ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे।
जानकारी के अनुसार, आग रात करीब 3:30 बजे लगी, जिसके बाद ICU में तेजी से धुआं भर गया। धुएं के कारण मरीजों को सांस लेने में भारी दिक्कत होने लगी और कई मरीज बेहोशी की स्थिति में पहुंच गए।
इस बीच, ICU में भर्ती 95 वर्षीय राधा देवी ने असामान्य सूझबूझ दिखाते हुए सबसे पहले स्थिति को भांपा। उन्होंने तुरंत अपना ऑक्सीजन मास्क हटाया और किसी तरह उठकर ICU से बाहर निकलकर नर्स को आग और धुएं की सूचना दी। उनकी सतर्कता के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आया।
सूचना मिलते ही मरीजों को ICU से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई और अग्निशमन विभाग को करीब 3:55 बजे जानकारी दी गई। हालांकि तब तक आग और धुएं ने काफी नुकसान पहुंचा दिया था।
अग्निकांड में ICU के बेड, मेडिकल उपकरण और अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर खाक हो गई। अस्पताल में भर्ती कई मरीजों को सुरक्षित निकालकर अन्य अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है।
मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार ने अब तक 5 मौतों की पुष्टि की है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।