ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मसूरी के द रिंक पवेलियन होटल में लगी भीषण आग कोई जनहानि नहीं

मसूरी कैमल बैक रोड पर कुलड़ी मस्जिद के सामने द रिंक पवेलियन होटल में रविवार को तड़के भीषण आग लग गई। इससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग से होटल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई।

आग की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, फायर सर्विस मौके पर पहुंची और आग को बुझाने में लग गई, लेकिन आग काफी भीषण थी। इसको लेकर प्रशासन और पुलिस ने मसूरी स्थित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल का मदद के लिये बुलाया। इसके बाद आईटीबीपी पुलिस बल के जवान दो फायर टेंडर के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए।

होटल के कर्मचारी मनवीर भंडारी और दीपक कुमार ने बताया कि रात को वह होटल के स्टाफ रूम में सो रहे थे कि देर रात को होटल के मालिक अनिरुद्ध प्रताप ने उनको फोन किया कि होटल में आग लग गई है और वह अपने कमरे में फंस गए हैं। उनको निकालने के लिये होटल कर्मचारी उनके कमरे की छत से कमरे में पहुंचे और खिड़की के शीशे को तोड़कर मालिक को बाहर निकाला। वह इस घटना में होटल का कर्मचारी घायल हो गया। करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद भी आग पर पूरी तरह से काबू नही पाया नही जा सका था।

भीषण आग को देखते हुए मसूरी फायर सर्विस ने देहरादून से भी दो फायर टेंडर बुलाए गए। होटल के नीचे खड़ी गाड़ियों में से दो गाड़ियां भी आग की चपेट में आकर जल गईं। बताया जा रहा है कि होटल में पुनर्निर्माण का काम चल रहा था। रात को शॉर्ट सर्किट से होने से यह हादसा हुआ है। होटल पूरी तरीके से जल चुका है और सड़क किनारे का हिस्सा कभी भी गिर सकता है। इसको देखते हुए पुलिस ने वहां पर लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।

मसूरी व्यापार मंडल के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा द रिंक होटल में देर रात को आग लगी थी। आग ने देखते ही देखते भीषण रूप ले लिया, जिससे होटल का काफी भाग जल गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नही हुई है। उन्होंने बताया कि सभी विभागों ने आपस में सामंजस्य बनाकर आग पर काबू पाने की कोशिश की।

स्थानीय लोगों ने बताया कि द रिंक काफी पुराना होटल है। इसमें अक्सर स्केटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाती थीं और यह भारत का सबसे ऐतिहासिक स्केटिंग रिंक माना जाता था। इस रिंक होटल में कुश्ती का भी आयोजन होता है, जिसमें 70 के दशक में किंग कोंग और दारा सिंह के बीच में कुश्ती भी आयोजित हुई थी। इसको देखने के लिए मसूरी देहरादून और आसपास के लोग काफी संख्या में आते थे।

जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र से प्राप्त सूचना के मुताबिक द रिंक होटल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके अतिरिक्त होटल के नीचे खड़ी गाड़ियों में से 02 गाड़ियां भी आग से क्षतिग्रस्त हुई हैं। राहत बचाव कार्य के दौरान मसूरी प्रशासन, आई.टी.बी.पी., पुलिस फोर्स, थाना- मसूरी, अग्निशमन टीम मसूरी मौजूद रही।

मसूरी के होटल में लगी आग का जायजा लेने एसडीएम मसूरी नंदन कुमार मौके पर पहुंचे। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि तड़के के द रिंक होटल में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी है। अन्य पहलुओं पर भी पुलिस और फायर विभाग जांच की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। होटल के आसपास के घरों को नुकसान हुआ है, जिसका आकलन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *