गर्मियों में ‘सहजन’ का कमाल: पाचन से लेकर इम्यूनिटी तक, जानिए मोरिंगा के फायदे
गर्मियों के मौसम में पाचन संबंधी समस्याएं बढ़ जाती हैं, ऐसे में शरीर को अतिरिक्त देखभाल की जरूरत होती है। इस दौरान खानपान में ऐसी चीजों को शामिल करने की सलाह दी जाती है जो शरीर को ठंडक दें। आमतौर पर खीरा और तरबूज जैसे फलों का सेवन किया जाता है, लेकिन एक और सुपरफूड है जो इस मौसम में बेहद फायदेमंद माना जाता है—मोरिंगा, जिसे सहजन भी कहा जाता है।
मोरिंगा को ‘चमत्कारी वरदान’ माना जाता है, क्योंकि इसके पत्ते, फल और फूल सभी पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। इसमें विटामिन A, B, C के साथ आयरन, जिंक, पोटैशियम, मैग्नीशियम और फाइबर प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। इसका सेवन शरीर को अंदर से ठंडा रखने, पाचन सुधारने और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करता है।
1. हाइड्रेशन और पोषण का खजाना
गर्मियों में पसीने के कारण शरीर से जरूरी मिनरल्स निकल जाते हैं। मोरिंगा में मौजूद पोटैशियम, मैग्नीशियम और कैल्शियम इलेक्ट्रोलाइट संतुलन बनाए रखते हैं और शरीर को ऊर्जा प्रदान करते हैं।
2. लू से बचाव
मोरिंगा में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर को लू के प्रभाव से बचाने में मदद करते हैं। यह इम्यूनिटी को मजबूत करता है, जिससे संक्रमण का खतरा कम होता है।
3. पाचन तंत्र के लिए फायदेमंद
गर्मियों में कब्ज, गैस और एसिडिटी की समस्या आम हो जाती है। मोरिंगा में मौजूद फाइबर पाचन तंत्र को दुरुस्त करता है, पेट की सूजन कम करता है और आंतों की सफाई में मदद करता है।
4. त्वचा और बालों की देखभाल
तेज धूप त्वचा और बालों को नुकसान पहुंचाती है। मोरिंगा में मौजूद विटामिन A, E और ओलिक एसिड त्वचा को हाइड्रेटेड रखते हैं और UV किरणों से होने वाले नुकसान से बचाने में सहायक होते हैं।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या या डाइट में बदलाव से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।