• March 24, 2026

कानपुर में MBBS सीट के नाम पर ठगी का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में शिक्षा के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए MBBS की सीट दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

ऐसे सामने आया मामला

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने एक छात्र को MBBS सीट दिलाने का झांसा देकर उससे ₹5,75,000 (पांच लाख पचहत्तर हजार रुपये) की ठगी की। रकम लेने के बाद न तो छात्र को कोई सीट मिली और न ही आरोपियों का कोई पता चला, जिसके बाद पीड़ित को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ और उसने शिकायत दर्ज कराई।

पश्चिम बंगाल से हुई गिरफ्तारी

पकड़े गए आरोपियों की पहचान सौरव और जयंत के रूप में हुई है, जिन्हें पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई को कल्याणपुर पुलिस और साइबर सेल की मदद से अंजाम दिया गया।

कल्याणपुर थाना प्रभारी और ट्रेनी IPS सुमेध जाधव ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद साइबर सर्विलांस के जरिए आरोपियों की लोकेशन ट्रैक की गई और पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल जाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

आगे की जांच जारी

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस गिरोह ने देशभर में और कितने छात्रों को अपना शिकार बनाया है। गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

पुलिस की अपील

कानपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, एजेंट या ऑनलाइन विज्ञापन के जरिए एडमिशन दिलाने के नाम पर पैसे मांगने वालों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *