ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

गोरखपुर में होली से पहले बड़ा एक्शन: 7 कुंतल संदिग्ध खोवा जब्त, बोलेरो से मिर्जापुर आ रहा था माल – मिलावटखोरों में हड़कंप

गोरखपुर: होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन अलर्ट मोड में है। विभाग की टीमें लगातार छापेमारी और चेकिंग अभियान चला रही हैं ताकि आम जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ मिल सकें। सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. सुधीर कुमार सिंह और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी हितेन मोहन त्रिपाठी के नेतृत्व में तीन टीमें सक्रिय हैं।
राजघाट थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई
शनिवार तड़के करीब 4 बजे राजघाट थाना क्षेत्र के मिर्जापुर इलाके में वाहन चेकिंग के दौरान एक बोलेरो गाड़ी को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से 14 बोरी खोवा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन लगभग 7 कुंतल (700 किलो) बताया जा रहा है। प्रथम दृष्टया खोवा की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर पूरी खेप को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
मालिक अभी तक नहीं मिला
अधिकारियों के अनुसार, खोवा का मालिक अभी तक सामने नहीं आया है। जैसे ही मालिक सामने आएगा, उसके नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
शासन के निर्देश पर चल रहा अभियान
पुलिस और खाद्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि शासन के निर्देश पर और होली पर्व के मद्देनजर आम जनमानस को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। मिर्जापुर क्षेत्र से जब्त 7 कुंतल खोवा की जांच के बाद रिपोर्ट के आधार पर कड़ी कार्रवाई होगी।
बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन पर भी सघन चेकिंग
विभाग बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और प्राइवेट बस स्टैंड पर भी सघन चेकिंग कर रहा है। लगातार कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का साफ कहना है कि किसी भी हाल में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं होने दी जाएगी।
यह कार्रवाई होली के दौरान मिठाइयों और दूध-खोया से बने पदार्थों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे संदिग्ध गुणवत्ता वाले उत्पाद न खरीदें और किसी भी मिलावट की सूचना तुरंत विभाग को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *