ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मध्य प्रदेश पहुंची प्रियंका गांधी से मुख्यमंत्री शिवराज ने किए तीखे सवाल

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा गुरुवार को मध्य प्रदेश के एक दिवसीय प्रवास पर मंडला जिले के रामनगर पहुंची और यहां पार्टी की जन आक्रोश यात्रा की सभा को संबोधित किया। मप्र के प्रवास पर आईं प्रियंका गांधी वाड्रा पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निशाना साधते हुए उनसे तीखे सवाल पूछे हैं।

उन्होंने कहा कि आपकी पार्टी के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पीएफआई पर कार्रवाई का विरोध क्यों कर रहे हैं, क्या आप उनके बयान से सहमत हैं?

मुख्यमंत्री चौहान ने गुरुवार को भोपाल में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पीएफआई टेरर फंडिंग करती है। आतंकवादी गतिविधियों में लिप्त है। इससे जुड़े लोग देश के दुश्मन हैं। पीएफआई पर कार्रवाई होती है, तो दिग्विजय सिंह इसका विरोध करते हैं। क्या यही कांग्रेस का स्टैंड है? आतंकवादियों की महिमा मंडित करना, सर्जिकल स्ट्राइक का विरोध करना, पीएफआई पर कार्रवाई का विरोध करने वाले बयान से क्या आप भी सहमत हैं?

उन्होंने ने कहा कि प्रियंका जी, आज मध्य प्रदेश में आपको जवाब देना पड़ेगा, क्या दिग्विजय सिंह के बयान से आप सहमत हैं। कांग्रेस जवाब दे, प्रियंका वाड्रा जवाब दें। क्या पीएफआई पर कार्रवाई का कांग्रेस विरोध कर रही है।

शिवराज ने प्रियंका से सवाल करते हुए कहा कि आप मंडला में हैं, जो आदिवासी जिला है। प्रदेश की बैगा, भारिया, सहरिया जाति की पिछड़ी बहनों को मैं 1000 रुपये देता था, कमलनाथ ने, कांग्रेस सरकार ने इसको क्यों बंद करवा दिया? आदिवासी बहनें आपसे जवाब मांग रही हैं। मुंह में राम बगल में छुरी, सामने आदिवासी प्रेम और पीछे दी गई सुविधा को समाप्त करने का अपराध आपने क्यों किया? प्रियंका जी, जवाब तो देना होगा। क्या प्रियंका जी, पिछली बार की तरह मध्य प्रदेश में फिर झूठ की गारंटी देने आ रही हैं, जवाब तो देना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *