• March 14, 2026

केशव प्रसाद मौर्य का राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर हमला, कहा— ‘अफवाह गांधी’ और ‘अफवाह यादव’

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दोनों नेताओं पर जनता को गुमराह करने और दुर्भावनापूर्ण दुष्प्रचार फैलाने का आरोप लगाया।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “मैंने अखिलेश यादव और राहुल गांधी को ‘अफवाह गांधी’ और ‘अफवाह यादव’ कहा है। ये लोग दुर्भावनापूर्ण दुष्प्रचार कर जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि इस तरह के समय में एक जिम्मेदार राजनेता का कर्तव्य होता है कि वह देशवासियों को एकजुट रहने का संदेश दे। मौर्य ने कहा, “वैश्विक स्तर पर चुनौतियों की चर्चा हो रही है, ऐसे में जिम्मेदार नेताओं को यह कहना चाहिए कि अगर कोई संकट आएगा तो हम सब मिलकर उसका सामना करेंगे, जबकि वास्तव में अभी कोई संकट नहीं है।”

गैस सिलेंडर बुकिंग को लेकर भी दी प्रतिक्रिया
डिप्टी सीएम ने कहा कि विपक्ष के दुष्प्रचार का असर आम लोगों पर पड़ रहा है। उनके मुताबिक पहले देशभर में रोजाना करीब 50 से 55 लाख एलपीजी सिलेंडर बुक होते थे, लेकिन अफवाहों के कारण यह संख्या बढ़कर 75 लाख से अधिक हो गई है।

उन्होंने कहा, “यह एक गंदा खेल है और मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं।”

राहुल गांधी ने क्या कहा था?
हाल ही में राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा था, “दुनिया तेजी से बदल रही है और संकट हमारे दरवाजे पर है। अगर सरकार ने तुरंत कदम नहीं उठाए तो एलपीजी, पेट्रोल और डीजल करोड़ों भारतीय परिवारों के लिए बड़ी समस्या बन सकते हैं।”

राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में यह भी आरोप लगाया कि सरकार की कमजोर और दिशाहीन विदेश नीति के कारण भारत की ऊर्जा सुरक्षा प्रभावित हुई है।

अखिलेश यादव का भी सरकार पर तंज
वहीं समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए लिखा था कि लोग कह रहे हैं कि जब खाली सिलेंडर ‘स्टूल’ बन गया है तो उत्तर प्रदेश के अगले मंत्रिमंडल विस्तार में भाजपा अपने सभी विधायकों को ‘डिप्टी सीएम’ क्यों न बना दे।

उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि लकड़ी का स्टूल शायद भाजपा के भ्रष्टाचारियों का बोझ न उठा पाए, इसलिए लोहे वाला स्टूल बेहतर रहेगा।

एलपीजी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज
देश में एलपीजी की किल्लत की खबरों के बीच विपक्ष सरकार पर लगातार निशाना साध रहा है। इसी को लेकर अब सत्तारूढ़ दल और विपक्ष के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *