ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

कालागढ़ में 400 क्यूसेक पानी छोड़ा, नदियों के जलस्तर पर पैनी हुई आपदा प्रबंध की नजर

पहाड़ी व मैदानी क्षेत्रों में भारी बारिश होने से जिले की नदियों में भी पानी का प्रवाह तेज हुआ है। हरिद्वार में गंगा के जलस्तर में कमी से रामगंगा नदी मुरादाबाद में भी घटते क्रम में है। लेकिन रामगंगा नदी का जलस्तर कालागढ़ और गागन नदी के जलस्तर से बढ़ते क्रम में है। बीती रात्रि कालागढ़ में 400 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है। इसे देखते हुए मुरादाबाद जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण रामगंगा के साथ आस-पास की नदियों के जलस्तर पर नजर बनाए हुए है।

जिला आपदा विशेषज्ञ पंकज मिश्र ने बताया कि राहत के लिए बाढ़ चौकी व शरणालयों की व्यवस्था की निगरानी बढ़ा दी गई है। सोमवार को रामगंगा नदी का कटघर रेलवे पुल के पास जलस्तर उतार के क्रम में दिख रहा है। यहां पानी चेतावनी स्तर 190.60 मीटर की तुलना में 187.93 मीटर है। वहीं कालागढ़ स्थित रामगंगा नदी में 400 क्यूसेक डिस्चार्ज होने से वहां का जलस्तर 333.35 मीटर है। जो चेतावनी स्तर 366.30 मीटर से 32.95 मीटर कम है। जबकि गागन नदी का मुरादाबाद में जलस्तर चेतावनी लेवल से सिर्फ 2.55 मीटर ही नीचे है।

जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण की ओर से जिला प्रशासन द्वारा बनाए गए 34 बाढ़ चौकी, 22 बाढ़ शरणालयों में व्यवस्था की जानकारी ली जा रही है। नदियों का जलस्तर पता किया जा रहा है। फिलहाल जिले में सभी तटबंध सुरक्षित बताया जा रहा है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 25 और अधिकतम 38 डिग्री सेल्सियस रहा।

बाढ़ नियंत्रण कक्ष से ली जा रही हैं नदियों के जलस्तर की रिपोर्ट :

जिला आपदा विशेषज्ञ पंकज मिश्र ने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में आपदा प्रबंध प्राधिकरण में बाढ़ नियंत्रण कक्ष से नदियों के जलस्तर की रिपोर्ट लेकर संबंधित तहसील क्षेत्र के उप जिलाधिकारी और तहसीलदार को भेजी जा रही है। इसी के अनुसार उन्हें अपने तहसील क्षेत्र में व्यवस्था रखने की सलाह दी जा रही है। उन्होंने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में बाढ़ कंट्रोल रूम के नंबर 0591-2412728 और मोबाइल नंबर 9454416867 व टोल फ्री नंबर 1077 पर सूचना का आदान प्रदान किया जा सकता है। जिला मुख्यालय के अलावा तहसील स्तर पर भी बाढ़ कंट्रोल रूम सक्रिय है। सदर तहसील में 0591-2971370, कांठ में 0591-2974411, बिलारी में 0591-270011 और ठाकुरद्वारा में 0591-2241231 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *