जबलपुर के मझौली में मकान की कच्ची दीवार गिरने से पति-पत्नी की दबकर माैत

जबलपुर, 29 अगस्त । जबलपुर के मझौली में गुरुवार सुबह एक मकान की दीवार गिरने से घर में सो रहे दंपती की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दंपत्ति के तीन बच्चे हैं, जाे दूसरे कमरे में साे रहे थे और घटना में बाल बाल बच गए। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने मौके का दौरा किया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी अनुसार हादसा गुरुवार सुबह जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर मझौली के वार्ड नंबर 12 में हुआ। यहां अशोक दहिया अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके तीन बच्चे हैं। बुधवार रात भोजन करने के बाद दंपती एक कमरे जबकि बच्चे दूसरे कमरे में सो गए। दंपती जिस कमरे में सोए थे, गुरुवार सुबह करीब 5 बजे उसकी दीवार गिर गई। मलबे मेंअशोक दहिया (43) और पत्नी विमला बाई (38) दब गए। आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। मलबा हटाकर दंपती को बाहर निकाला। लोगों ने मलबा हटाकर दंपती को निकाला। नजदीकी अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मृतक अशोक के बड़े भाई उद्धव ने बताया, ‘हम तीन भाइयों के परिवार अलग-अलग कमरे में रहते हैं। रात करीब 10 बजे अशोक काम से आया। थोड़ी देर बातचीत की। कहा- सुबह जबलपुर जाना है। वहां काम मिला है। यह कहकर चला गया। रात में तेज बारिश हुई थी। कच्चा मकान होने के कारण तड़के पड़ोसी रामकुमार के मकान से सटी दीवार ढह गई। छप्पर भी कमरे में सो रहे अशोक-विमला के ऊपर आ गिरा। आवाज सुनते ही हम लोग दौड़कर वहां पहुंचे। अशोक और विमला की सिर्फ चीखें सुनाई दे रही थीं। जैसे-तैसे सभी ने मिलकर मलबा हटाया। उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन मेरे सामने ही तड़प-तड़पकर दोनों ने दम तोड़ दिया।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *