ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

घर में खड़ी कार का दो बार कट गया ऑनलाईन चालान

हिमाचल की राजधानी शिमला में एक ऐसा मामला सामने आया है जहां ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए हैं। दरअसल ट्रैफिक पुलिस द्वारा एक महिला की कार का दो मर्तबा चालान आनलाइन भेज दिया गया। इससे महिला खफा है।

महिला के पिता का कहना है कि उसकी बेटी की कार घर में ही मौजूद थी। लेकिन कार के चालान का मैसेज देख कर वह दंग रह गए और ट्रैफिक पुलिस के इस कारनामे की जांच के लिए ढली पुलिस थाना में एक शिकायत पत्र दे दिया।

संजोली निवासी धर्म सिंह ने शिकायत देते हुए बताया कि दिनांक 23 दिसम्बर को उसके फोन पर उसकी बेटी के नाम से रजिस्टर्ड कार नं०एचपी 63सी-5445 का शिमला से करीब 15 किलोमीटर दूर फागु में तथा दिनांक 26 दिसम्बर को आईजीएमसी के पास हुए चालान का मैसेज उनके मोबाइल पर आया। जबकि इसकी बेटी की उपरोक्त कार घर की पार्किग में खड़ी थी। उन्होंने अंदेशा जताया कि कोई अज्ञात व्यक्ति इसकी बेटी की कार के नंबर का दुरुपयोग कर रहा है।

बहरहाल शिमला पुलिस ने शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 420, 467, 468 व 471 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बता दें कि शिमला शहर में पहले भी इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं। इसी साल मई महीने में हरियाणा में खड़ी गाड़ी का शिमला में चालान कटा था। शिमला पुलिस के लिए इस तरह के मामलों से निपटना चुनौती बन गया है।

एसपी शिमला संजीव गांधी ने गुरुवार को बताया कि पुलिस इस तरह के मामलों की गहनता से पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *