ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

ईको ग्रीन हटने के बाद नगर निगम ने कूड़ा उठाने को शुरू किए 350 वाहन

गुरुग्राम, 19 जून नगर निगम गुरुग्राम के क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा एकत्रित करने वाले 350 वाहनों का काफिला बुधवार की सुबह रवाना हो गया। इन वाहनों को गुरुग्राम मंडल के आयुक्त आरसी बिढान ने सुबह सिविल लाईंस क्षेत्र से रवाना किया। नगर निगम जल्द ही 350 वाहन और इस बेड़े में शामिल करेगा। कुल वाहनों की संख्या 700 हो जाएगी।

सिविल लाइंस से वाहनों को रवाना करने के बाद मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए आयुक्त आरसी बिढान ने कहा कि सफाई व्यवस्था को बेहतर व दुरुस्त करने में जिला प्रशासन व नगर निगम युद्ध स्तर पर कार्य कर रहा है। डोर-टू-डोर कचरा उठान सुनिश्चित करने के लिए 350 वाहन कार्य कर रहे हैं। जल्द ही इनकी संख्या को 700 किया जाएगा, ताकि प्रत्येक घर से कचरा उठान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि घर से कूड़ा उठान होने से सडक़ों पर गारबेज वर्नेबल प्वाइंट खत्म हो जाएंगे। हमारा शहर स्वच्छता की ओर तेज गति से आगे बढ़ेगा।

उन्होंने नागरिकों से भी आह्वान किया कि वे सफाई व्यवस्था बनाए रखने में अपना योगदान दें। जिन स्थानों को पूरी तरह से साफ कर दिया गया है, वहां पर दुबारा से ना तो स्वयं कचरा फैंकें और ना ही दूसरों को फेंकने दें। सामाजिक भागीदारी एवं सहयोग स्वच्छ गुरुग्राम बनाने में बहुत ही महत्वपूर्ण है।

नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त डा. नरहरि सिंह बांगड़ ने कहा कि वे स्वयं भी सुबह के समय विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। जिला प्रशासन व निगम के सभी वरिष्ठ अधिकारीगण भी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही सफाई व्यवस्था को पूरी तरह से बेहतर एवं दुरुस्त कर लिया जाएगा। इस मौके पर शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अतिरिक्त निदेशक (मुख्यालय) वाईएस गुप्ता व संयुक्त आयुक्त (एसबीएम) डा. नरेश कुमार उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *