• December 30, 2025

कृतज्ञ राष्ट्र ने सरदार पटेल को किया याद, राष्ट्रपति ने दिल्ली, प्रधानमंत्री ने केवड़िया में पुष्पाजंलि अर्पित की

 कृतज्ञ राष्ट्र ने सरदार पटेल को किया याद, राष्ट्रपति ने दिल्ली, प्रधानमंत्री ने केवड़िया में पुष्पाजंलि अर्पित की

देश के प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 148वीं जयंती के मौके पर आज (मंगलवार) केवड़िया (गुजरात) में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और कई गणमान्य लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित की।

प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें याद करते हुए एक्स पर लिखा, सरदार पटेल की जयंती पर हम उनकी अदम्य भावना, दूरदर्शी राजनेता और असाधारण समर्पण को याद करते हैं। उन्होंने हमारे देश की नियति को आकार दिया। राष्ट्रीय एकता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमारा मार्गदर्शन करती रहती है। हम उनकी सेवा के सदैव ऋणी रहेंगे। प्रधानमंत्री मोदी गुजरात दौरे के दूसरे दिन सुबह केवड़िया में स्टेच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचे। यहां उन्होंने देश के पहले गृहमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रधानमंत्री ने इस दौरान रैंप से स्टेच्यू ऑफ यूनिटी के बराबर गए और वहां से सरदार पटेल को फूल चढ़ाए। इसके बाद वो एकता नगर पहुंचे और वहां मौजूद लोगों को एकता की शपथ दिलाई। यहां राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर परेड का आयोजन किया गया है। इसमें सीआरपीएफ की महिला बाइकर्स ने अद्भुत प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री आज पटेल जयंती पर युवाओं के राष्ट्रव्यापी संगठन मेरा युवा भारत को लॉन्च करेंगे।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पटेल चौक पर आयोजित विशेष समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति धनखड़, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और अन्य लोगों ने भारत के पहले गृह मंत्री की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। आज उनकी जयंती को देश ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मना रहा है।

शाह ने एक्स लिखा है, भारत की एकता और समृद्धि सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन का एकमात्र उद्देश्य था। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छा शक्ति, राजनीतिक ज्ञान और कड़ी मेहनत से 550 से अधिक रियासतों में विभाजित भारत को एकजुट राष्ट्र बनाने के लिए काम किया था। देश के पहले गृहमंत्री के रूप में सरदार साहब का राष्ट्र के प्रति समर्पित जीवन और राष्ट्र-निर्माण कार्य हमें सदैव प्रेरित करते रहेंगे। लौह पुरुष सरदार पटेल को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि और राष्ट्रीय एकता दिवस पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं।

पटेल चौक पर आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना और विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी सहित कई अन्य लोगों ने हिस्सा लिया।उधर, सरदार पटेल की जयंती पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। रक्षामंत्री और योगी ने राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाई।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *