पुरी की तर्ज पर भगवान जगन्नाथ का भव्य रथ हुआ तैयार, सात जुलाई को भगवान जाएंगे मौसी के घर

 पुरी की तर्ज पर भगवान जगन्नाथ का भव्य रथ हुआ तैयार, सात जुलाई को भगवान जाएंगे मौसी के घर

रांची, 19 जून  राजधानी रांची में भगवान जगन्नाथ के भव्य रथ को लगभग तैयार कर लिया गया है। सात जुलाई को भगवान जगन्नाथ अपने भव्य रथ पर अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ अपनी मौसी के घर जाएंगे।

भगवान जगन्नाथ के लिए इस वर्ष भी भव्य रथ तैयार किया जा रहा है। ओडिशा से आए कारीगर दिन-रात मेहनत करके रथ को तैयार कर चुके हैं, अब सिर्फ रथ की सजावट बाकी है। मंदिर कमेटी के सदस्य ठाकुर सुधांशु सहदेव ने बताया कि भगवान जगन्नाथ के रथ को तैयार करने के लिए विशेष रूप से हर वर्ष पूरी से कारीगर आते हैं। पिछले एक महीने से पुरी से आए कारीगर अपने अथक मेहनत से रथ को तैयार कर चुके हैं। अब केवल रात में रंग रोगन बाकी है, जिसे अगले हफ्ते तक पूरा कर लिया जाएगा। भगवान जगन्नाथ के रथ को तैयार करने में 35 से 40 लाख रुपये का खर्च आया है।

रांची के जगन्नाथपुर में पुरी की तर्ज पर वर्षों से रथयात्रा निकाली जाती है। मंदिर ट्रस्ट के लोग बताते हैं कि रांची में जगन्नाथपुर मंदिर से 300 वर्षों से रथ यात्रा निकाली जा रही है। इस वर्ष सात जुलाई को भगवान जगन्नाथ अपनी बहन और भाई के साथ रथ पर सवार होकर अपनी मौसी के घर जाएंगे। रथ यात्रा के दौरान जगन्नाथपुर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ते है। पूरे जगन्नाथपुर क्षेत्र में भव्य मेले का आयोजन किया जाता है।

इस साल सात से 17 जुलाई तक ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ मेले का आयोजन होना है। जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति रांची के प्रतिनिधियों के साथ मेले के बेहतर आयोजन के प्रस्ताव पर उपायुक्त ने कई निर्देश जारी किये। मेले से संबंधित निविदा की सूचना जारी करने को लेकर उपायुक्त ने निर्देश दिये। मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीसीटीवी लगाने, मंदिर के आसपास लाइट की व्यवस्था, रथ एवं मंदिर में दो-दो पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिये गये। डीसी ने कहा कि जगन्नाथपुर रथ मेले के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति रांची के साथ हमेशा खड़ा रहा है। मेले का आयोजन भव्य तरीके से संपन्न हो, इसकी सारी व्यवस्था की जायेगी।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *