कुएं में गैस रिसाव से 4 लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री ने जताया दुख

छतरपुर, 2 अगस्त। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुर्राहा में शुक्रवार सुबह एक कुएं में जहरीली गैस के रिसाव की चपेट में आने से 4 लोगों की मौत हो गई। घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुख व्यक्त किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कुर्राहा के गुरार मोहल्ला में कुछ मजदूर कुएं के ठीक पास बन रहे मकान में काम कर रहे थे। इसी दौरान एक कारीगर मुन्ना कुशवाहा (45) के हाथ से हथौड़ा छूट कर कुएं में गिर गया। जिसे लेने के लिए मुन्ना कुएं में उतरा और काफी देर तक लौट कर नहीं आया। इसके बाद मकान मालिक शेख वसीर (60), शेख वसीर का बेटा शेख असलम (37) और भतीजा अलताब (21) भी बारी-बारी से कुएं में उतरे लेकिन लौटकर नहीं आए। घटना की जानकारी पर पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू कराया। चारों लोग गंभीर हालत में मिले। सभी को जिला अस्पताल लाया गया लेकिन डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि छतरपुर जिले के कुर्राहा गांव में बसीर खान के निजी कुएं में जहरीली गैस के रिसाव के कारण दम घुटने से चार अनमोल जिंदगियों के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायी है। दुःख की इस घड़ी में हम सभी शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। परमपिता परमात्मा से प्रार्थना है कि दिवंगतों की पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *