भोपाल में 70 हेक्टेयर में बनेगा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क, सीएम मोहन यादव बोले- 15 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल को औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सतगढ़ी क्षेत्र में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क और आधुनिक कन्वेंशन सेंटर का भूमि-पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल भोपाल बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति देगी और हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर इस परियोजना की शुरुआत एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि यह पार्क देश के पहले उद्योग मंत्री डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर विकसित किया जा रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत औद्योगिक विकास की नई पहचान बना रहा है।
15 हजार से अधिक युवाओं को मिलेगा रोजगार
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में 15 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं और उद्यमियों को जोड़ते हुए ‘खेत से कारखाने और उद्योग से बाजार’ तक मजबूत आर्थिक व्यवस्था तैयार कर रही है।
उन्होंने कहा कि गारमेंट उद्योग के विकास से कपास उत्पादक किसानों को भी लाभ मिलेगा, जबकि महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार आधारित उद्योगों में काम करने वाली महिलाओं को सरकार की ओर से अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।
भोपाल बनेगा नया औद्योगिक केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल अब केवल झीलों और प्राकृतिक सुंदरता के लिए ही नहीं, बल्कि स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क के कारण औद्योगिक राजधानी के रूप में भी नई पहचान बनाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बड़े निवेश आ रहे हैं। हाल ही में शिवपुरी में रक्षा क्षेत्र की औद्योगिक इकाई और मुरैना में सोलर सेक्टर की परियोजनाओं का भूमि-पूजन किया गया है, जबकि गुना में लगभग दो हजार करोड़ रुपये की लागत से सीमेंट प्लांट स्थापित किया जा रहा है।
निवेश से विकास को मिलेगी रफ्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) 2025 के दौरान प्राप्त 30 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों में से लगभग 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है। उन्होंने इसे राज्य सरकार की निवेश-अनुकूल नीतियों का परिणाम बताया। इसके अलावा किसान कल्याण वर्ष के दौरान अब तक 86 हजार करोड़ रुपये के निवेश संबंधी समझौते (एमओयू) भी किए गए हैं।
यूसीसी लागू करने के संकेत
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के ‘एक देश, एक विधान, एक निशान और एक प्रधान’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए मध्य प्रदेश सरकार राज्य में यूसीसी लागू करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इसके लिए गठित समिति ने सभी धर्मों और समुदायों से सुझाव प्राप्त किए हैं ताकि किसी के साथ भेदभाव न हो।
रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण परियोजना
औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन विभाग (IPIP) तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग (MSME) के प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप लगभग 70 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित की जाएगी। यह राष्ट्रीय और राज्य राजमार्ग से करीब 1.4 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है तथा रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, राजा भोज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और भोपाल शहर से उत्कृष्ट संपर्क रखती है।
परियोजना के अंतर्गत 25 एकड़ क्षेत्र में लगभग 10 हजार लोगों की क्षमता वाला आधुनिक कन्वेंशन सेंटर भी बनाया जाएगा, जिसे प्रदेश का सबसे बड़ा कन्वेंशन सेंटर बताया जा रहा है।
उद्योग और रोजगार पर सरकार का फोकस
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि यह परियोजना भोपाल को नए औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। सरकार का दावा है कि स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क के माध्यम से निवेश, उद्योग और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा, जिससे मध्य प्रदेश के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।