ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मोदी के नेतृत्व में लोकतंत्र हुआ मजबूत : उपमुख्यमंत्री केशव

 

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को रामनगर के महादेवा ऑडिटोरियम में चुनावी जनसभा को संबोधित करते विपक्षी दलों पर हमला बोला। मंच पर जय श्री राम का नारा लगाते हुए उन्होंने कहा कि यह चुनाव सौ साल आगे ले जाने का चुनाव है। विरोधियों के दम नहीं है कि मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने से रोक सकें।

सपा सरकार में गुंडे थाना, तहसील चलाते थे। खाली पड़े प्लाट पर कब्जा कर लेते थे। अब किसी की हैसियत नहीं है कि गुंडई कर सके। मोदी जी राम लला का मंदिर बनवाते हैं तो गरीबों के लिए घर भी है।

केशव मौर्य ने कहा कि जिनको मुख्तार अंसारी की कब्र पर फ़ातिया पढ़ने का मौका मिला, उन्हें राम मंदिर जाने का मौका नहीं मिला। ऐसे तुष्टिकरण करने वाले लोगों से होशियार रहें और भाजपा को जिताकर तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनायें।

उन्होंने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस के लोग पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर पर भी पुष्पांजलि देने नहीं गए। ऐसे लोग केवल वर्ग विशेष का वोट हथियाने के लिए काम कर रहे हैं। देश के प्रधानमंत्री ने विश्व में भारत का मान बढ़ाया है। जब देश के सैनिक अभिनंदन को पाकिस्तान में रोक लिया तो मोदी की ही देन थी कि वह सकुशल भारत वापस आया।

इस बार सरकार बनी तो समान नागरिक संहिता भी लागू होगी। पाक अधिकृत कश्मीर भी हमारा होगा। सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ पर 370 वोट बढ़ाएं जिससे मोदी का सपना साकार हो सके।

उन्होंने कहा कि सपा सरकार में गुंडागर्दी चरम पर थी। जब भाजपा की सरकार आई तो गुंडागर्दी खत्म कर दी गई। लोगों की जमीनों पर से कब्जा हट गया। पहले नारा था जिस गाड़ी में सपा का झंडा, उसमें बैठा गुंडा। लेकिन अब गुंडे या तो प्रदेश छोड़कर भाग गए या तो ऊपर चले गए हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महादेवा में 70 करोड़ की योजना स्वीकृत हुई है। इसका तेजी से विकास होगा, लेकिन यह यहीं खत्म नहीं होगा। अभी तो यह झांकी है पूरी पिक्चर बाकी है। विपक्षी जिहाद के नाम पर वोट मांगते हैं। पाकिस्तान के नाम पर मांगते हैं लेकिन देश अब राष्ट्र और राम के नाम पर वोट करता है। विपक्षी दलों की एक भी नहीं चलेगी। सभी लोग भ्रष्टाचार में डूबे हैं। जब देश में चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री बनता है, पिछड़े का बेटा प्रधानमंत्री बनता है तब कांग्रेस को हजम नहीं होता। मोदी ने आत्मनिर्भर भारत बनाया है, सुरक्षित भारत बनाया है। धारा 370 हटाकर भारत के मुकुट को सजाने का काम किया है।

जनसभा को भाजपा प्रत्याशी राजरानी रावत, सांसद उपेंद्र सिंह रावत, पूर्व विधायक शरद अवस्थी, एमएलसी अंगद सिंह, जिला प्रभारी एमएलसी अवनीश पटेल, जिलाध्यक्ष अरविंद मौर्य, बद्री विशाल त्रिपाठी, पूर्व प्रत्याशी रामसजीवन वर्मा सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *