ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

दिल्ली के मंडी हाउस क्षेत्र से पुलिस ने हटाए ‘वोट फॉर कांग्रेस’ वाले होर्डिंग्स

दिल्ली के मंडी हाउस इलाके में मंगलवार को उस वक्त हलचल मच गई, जब दिल्ली पुलिस वोट फॉर कांग्रेस वाले होर्डिंग्स हटाती नजर आई। दरअसल, वोट फॉर कांग्रेस लिखवाकर यासीन मलिक के साथ पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह के फोटो वाले होर्डिंग्स लगाए गए थे, जिन्हें देखते ही पुलिस ने आनन फानन में इन्हें वहां से हटा दिया।

इन होर्डिंग्स पर 25 मई की तारीख भी लिखी हुई थी। दिल्ली में 25 मई को मतदान होना है। इसके अलावा यासीन मलिक और डॉ मनमोहन सिंह की फोटो के नीचे लिखा है, “टू सपोर्ट फ्रीडम ऑफ स्पीच एंड रिलीज ऑफ यासीन मलिक।” होर्डिंग में यासीन मलिक को डॉक्टर मनमोहन सिंह से मिलते हुए दिखाया गया है।

लोकसभा चुनाव में आचार संहिता के चलते किसी भी होर्डिंग और बैनर को लगाने के लिए चुनाव आयोग से अनुमति लेनी होती है। बिना अनुमति के किसी भी तरह के होर्डिंग लगाना अवैध है। साथ ही किसी पार्टी के खिलाफ इस तरह के होर्डिंग लगाने की अनुमति चुनाव आयोग द्वारा दी भी नहीं जा सकती है। इसलिए जैसे ही दिल्ली पुलिस की नजर होर्डिंग्स पर पड़ी, उन्होंने तुरंत होर्डिंग्स को हटाना शुरू कर दिया। ये होर्डिंग्स मंडी हाउस के पास सफदर हाशमी मार्ग, तानसेन मार्ग, बाराखंभा रोड, कॉपरनिकस मार्ग और फिरोजशाह रोड के आसपास लगाए गए थे। साथ ही मंडी हाउस के मुख्य चौराहे पर भी ये होर्डिंग्स लगाए गए थे। हालांकि, दिल्ली पुलिस द्वारा इन होर्डिंग्स को हटा दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *