ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

एमसीडी अपने कर्मचारियों को दीपावली पर देगी बोनस

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के कर्मचारियों के लिए यह दीपावली खुशखबरी लेकर आई है। एमसीडी में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी की सरकार ने अपने कर्मचारियों को दीपावली पर बोनस देने का निर्णय लिया है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को प्रेसवार्ता कर इसकी जानकारी दी।

केजरीवाल ने दीपावली की शुभकमनाएं देते हुए कहा कि दीपावली पर निगम के सभी ग्रुप डी, ग्रुप सी और ग्रुप बी नॉन गजेटेड कर्मचारियों को 7-7 हजार रुपये बोनस दिया जाएगा जबकि पिछले तीन साल से काम कर रहे कच्चे कर्मचारियों को 1200 रुपये मिलेगा। उन्होंने कहा कि जबसे एमसीडी में हमारी सरकार बनी है, लगातार अच्छे काम हो रहे हैं। 14 साल बाद अब सभी कर्मचारियों को समय पर तनख्वाह मिलने लगी है। निगम के सभी कर्मचारी हमारे परिवार का हिस्सा हैं।

अरविंद केजरीवाल ने बताया कि एमसीडी के 6 हजार से अधिक सफाई कर्मचारियों को अब तक पक्का किया है। अब दिल्ली के हर गली-मोहल्ले में साफ-सफाई होने लगी है। हमारा मानना है कि जब कर्मचारी खुश होंगे तो वो मन लगाकर जनता के लिए काम करेंगे।

अंत में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सफाई कर्मचारी, चौकीदार, माली, बेलदार, वार्ड ब्वॉय, वार्ड आया, कैटल कैचर, रिक्शा कैचर, अर्दली, एलडीसी, यूडीसी के सभी कर्मचारियों का परिवार भी हमारे परिवार का हिस्सा हैं। आपका यह भाई जब तक बैठा है, आपको किसी बात की चिंता करने की जरूरत नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *