• February 23, 2026

सीएम योगी ने सिंगापुर में भारतीय प्रवासियों से कहा: ‘मातृभूमि से दूर रहकर भी आपका स्नेह भारत को नई ऊर्जा देता है’; ब्रह्मोस मिसाइल और डिजिटल इंडिया पर बोले, ‘अब यूपी में न दंगा, न कर्फ्यू’

सिंगापुर/लखनऊ, 23 फरवरी 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंगापुर दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ संवाद में कहा कि मातृभूमि से इतनी दूर रहने के बावजूद उनके मन में भारत के लिए स्नेह और कुछ करने की भावना नया उत्साह पैदा करती है। सीएम योगी ने सिंगापुर में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए कहा, “मातृभूमि से दूर होने के बावजूद आपके मन में जो स्नेह है, वह भारत के विकास के लिए, अपनी मातृभूमि के लिए कुछ करने की भावना के लिए हमारे भीतर एक नया उत्साह पैदा करता है।”
सीएम योगी ने आगे कहा, “हमें गर्व है कि नया भारत विश्व को अपनी शक्ति दिखा रहा है। प्रत्येक भारतीय को नए भारत पर गर्व होना चाहिए। नया भारत जल्द ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी पहचान स्थापित करेगा।”
ब्रह्मोस मिसाइल की ताकत पर बोले
मुख्यमंत्री योगी ने ब्रह्मोस मिसाइल की ताकत का जिक्र करते हुए कहा, “ब्रह्मोस मिसाइल ने अच्छे-अच्छों को कंपा दिया था। ऑपरेशन सिंदूर में लखनऊ की ब्रह्मोस मिसाइल दागी गई थी।
यूपी में अब न दंगा, न कर्फ्यू
सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश में पिछले नौ वर्षों में आए बदलावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “9 साल पहले यूपी अराजकता की स्थिति में था। दंगे, असुरक्षा, अव्यवस्था और अराजकता इसकी पहचान बन गई थी। अब यूपी में ना कर्फ्यू और ना दंगा है, अब सब चंगा है। पिछले नौ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने उस सपने को साकार किया है। आप वहां विरासत और विकास का एक शानदार संगम देख सकते हैं।”
डिजिटल इंडिया और ग्लोबल एआई समिट की सराहना
सीएम योगी ने भारत की डिजिटल प्रगति पर जोर देते हुए कहा, “11 साल पहले किसी ने नहीं सोचा होगा कि भारत डिजिटल इंडिया की बात करेगा। स्टार्टअप इकोसिस्टम पर चर्चा को आगे बढ़ाएगा,
स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देगा?
लेकिन भारत ने आज यह संभव कर दिखाया है। भारत की राजधानी दिल्ली में ग्लोबल एआई इम्पैक्ट समिट का आयोजन हुआ। इस समिट में 20 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने भाग लिया। 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने भी इसमें हिस्सा लिया। विश्व के विकसित देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व के कल्याण के लिए उठाए जा रहे कदमों की दिल खोलकर सराहना की। सभी ने प्रधानमंत्री मोदी के डिजिटल इंडिया विजन की शक्ति को महसूस किया।”
दौरा का उद्देश्य
यह योगी आदित्यनाथ का मुख्यमंत्री बनने के बाद 2017 में म्यांमार दौरे के बाद पहला आधिकारिक विदेशी दौरा है। वे 23-24 फरवरी तक सिंगापुर में रहेंगे और विभिन्न क्षेत्रों की 25 प्रमुख कंपनियों के साथ बैठकें करेंगे। इसके बाद 25-26 फरवरी को जापान जाएंगे। दौरे का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश में निवेश आकर्षित करना, औद्योगिक विकास को बढ़ावा देना और राज्य को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में कदम बढ़ाना है।
सिंगापुर पहुंचते ही होटल के बाहर बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीयों ने उनका जोरदार स्वागत किया। सीएम योगी ने टेमासेक और जीआईसी जैसे प्रमुख निवेशकों से भी मुलाकात की और उत्तर प्रदेश में रिन्यूएबल एनर्जी, डेटा सेंटर, लॉजिस्टिक्स और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *