• September 3, 2026

जन्माष्टमी पर मथुरा पहुंचेंगे CM योगी, ब्रज को देंगे 977 करोड़ की सौगात; श्रीकृष्ण जन्मभूमि में करेंगे पूजा

मथुरा: जन्माष्टमी के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर मथुरा पहुंच रहे हैं। अपने दौरे के दौरान सीएम योगी वृंदावन स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और शुक्रवार सुबह श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वह श्रद्धालुओं को संबोधित भी करेंगे।

मुख्यमंत्री के मथुरा दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस दौरान योगी आदित्यनाथ ब्रज क्षेत्र को करीब 977 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।

977 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

सीएम योगी करीब 540 करोड़ रुपये की 57 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा करीब 437 करोड़ रुपये की 167 नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा।

इन परियोजनाओं के जरिए ब्रज क्षेत्र में पर्यटन, धार्मिक स्थलों और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को गति देने की तैयारी है।

श्री स्वामी हरिदास ऑडिटोरियम का करेंगे उद्घाटन

मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान गीता शोध संस्थान में करीब 42 करोड़ रुपये की लागत से तैयार श्री स्वामी हरिदास ऑडिटोरियम का लोकार्पण भी करेंगे। अधिकारियों के मुताबिक, इस परियोजना की शुरुआत मथुरा की सांसद हेमा मालिनी ने की थी।

इसके अलावा मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री आवास और मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को उनके नए घरों की चाबियां भी सौंपेंगे।

संतों से मुलाकात, ब्रज तीर्थ विकास परिषद की करेंगे समीक्षा

मथुरा-वृंदावन प्रवास के दौरान सीएम योगी ब्रज क्षेत्र के संतों से मुलाकात करेंगे। साथ ही यूपी ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में कान्हा भक्ति स्तंभ मार्ग का निरीक्षण भी शामिल है। इसके अलावा वह बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराएंगे।

श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर करेंगे पूजा-अर्चना

अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार सुबह श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचेंगे, जहां वह भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे।

जन्माष्टमी भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में मनाई जाती है। मथुरा और वृंदावन में इस पर्व को लेकर हर साल बड़े स्तर पर धार्मिक आयोजन होते हैं। इस बार भी मुख्यमंत्री योगी ने जन्माष्टमी की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए हैं।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *