• July 20, 2026

शिवहर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, 200 करोड़ की विकास परियोजनाओं की दी सौगात; बिहार की पहली ‘नदी जोड़ो परियोजना’ का उद्घाटन

शिवहर: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार शिवहर जिले का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने करीब 200 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें सबसे प्रमुख बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल का लोकार्पण रहा, जिसे बिहार की पहली ‘नदी जोड़ो परियोजना’ के रूप में देखा जा रहा है।

बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल का उद्घाटन

पिपराही प्रखंड के बेलवाघाट में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 130.88 करोड़ रुपये की लागत से तैयार बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल का उद्घाटन किया। सरकार का दावा है कि यह परियोजना शिवहर और आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए राहत लेकर आएगी।

इस परियोजना से जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी, बाढ़ की समस्या में कमी आएगी और किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इसके परिणामस्वरूप कृषि उत्पादन बढ़ने की भी उम्मीद जताई जा रही है।

‘विकास और किसानों के भविष्य की आधारशिला’

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि शिवहर के विकास, समृद्धि और किसानों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ नियंत्रण, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

जिला प्रशासन के अनुसार यह परियोजना क्षेत्र में जल प्रबंधन को बेहतर बनाने के साथ-साथ कृषि विकास को भी नई गति देगी।

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। कार्यक्रम स्थल पर पुलिस बल, दंडाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी। भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, शिवहर सांसद लवली आनंद, सीतामढ़ी सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, पूर्व सांसद रमा देवी, बेलसंड विधायक अमित कुमार, एमएलसी रेखा कुमारी, पूर्व विधायक ठाकुर रत्नाकर राणा समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

जीविका समूहों को मिली आर्थिक सहायता

कार्यक्रम में जीविका समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और महिला उद्यमियों के प्रयासों की सराहना की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने 4,550 जीविका समूहों को 25.35 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता का चेक सौंपा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *