संसद सत्र के बीच CJP का ‘चलो संसद’ मार्च, राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर जुटे प्रदर्शनकारी; अभिजीत दीपके ने खत्म की भूख हड़ताल
नई दिल्ली: संसद के मॉनसून सत्र के पहले दिन राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘चलो संसद’ मार्च के चलते जंतर-मंतर और राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के आसपास प्रदर्शन तेज हो गया। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी वहां पहुंचे और अपने मोबाइल फोन से प्रदर्शन की रिकॉर्डिंग करते नजर आए। सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने कई इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया है।
अभिजीत दीपके ने खत्म की भूख हड़ताल
सीजेपी से जुड़ी एक अहम जानकारी सामने आई है कि पार्टी कार्यकर्ता अभिजीत दीपके ने अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी है। इससे पहले सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर थे, लेकिन स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद अभिजीत दीपके ने भूख हड़ताल शुरू की थी।
सरकार से बातचीत का दावा
प्रदर्शन के दौरान CJP के एक प्रवक्ता ने दावा किया कि सरकार ने संगठन के प्रतिनिधियों को बातचीत के लिए आमंत्रित किया है। उनके अनुसार, जल्द ही पार्टी के प्रतिनिधिमंडल की केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात हो सकती है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
किन मुद्दों को लेकर हो रहा प्रदर्शन?
सीजेपी का कहना है कि उसका प्रदर्शन NEET पेपर लीक, अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और देश में बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ है। संसद के मॉनसून सत्र की शुरुआत के साथ संगठन ने ‘चलो संसद’ मार्च का आह्वान किया, जिसके बाद बड़ी संख्या में समर्थक जंतर-मंतर पर एकत्र हुए।
ये हैं प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें
प्रदर्शनकारी मुख्य रूप से तीन मांगें उठा रहे हैं—
- NEET और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय की जाए।
- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें।
- बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं के भविष्य को लेकर सरकार ठोस कदम उठाए।
दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाई गई
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस और प्रशासन ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। दिल्ली-नोएडा सीमा सहित कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित होने और जाम की स्थिति देखने को मिली। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।