October 6, 2026

ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मुख्यमंत्री सुक्खू अराजकता को दे रहे बढ़ावा: भाजपा

भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर अराजकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिन्दल ने शुक्रवार को कहा कि ऊना के कुटलैहड़ की जनसभा में मुख्यमंत्री ने ‘भुट्टो को कुट्टो’ का नारा लगाकर प्रदेश में एक बात का संदेश दिया है कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की वर्तमान सरकार अराजकता से चलेगी और कानून व्यवस्था कानून से नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी और मुख्यमंत्री की अराजकता फैलाने वाली पाॅलिसी के कारण ही चम्बा में दलित युवक की नृशंस हत्या हुई। उस युवक के 8 टुकड़े कर नाले में फेंक दिया गया, परन्तु मुख्यमंत्री व सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंगी क्योंकि खुद मुख्यमंत्री अराजकता फैला रहे हैं।

राजीव बिन्दल ने कहा कि प्रदेशभर में एक साल में पांच सौ से से ज्यादा हत्याएं, एक हजार के लगभग महिलाओं के अनाचार, दुराचार के मामले और दाे हजार से ज्यादा सिंथेटिक ड्रग के मामले केवल मुख्यमंत्री की इस दादागिरी वाली सोच का नतीजा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विधायक कांग्रेस के खिलाफ क्यों गए उसका जवाब भी मुख्यमंत्री ने स्वयं दे दिया कि वे विधायकों को कुछ नहीं समझते, उनको जूते की नोक पर रखना चाहते हैं और प्रदेश की जनता को लगातार ठगने का काम कर रहे हैं। इसी वजह से 43 विधायकों के साथ चली सरकार 34 पर पहुंच गई।

राजीव बिन्दल ने कहा कि मुख्यमंत्री का जनसभा में बयान इस बात का द्योतक है कि सरकार व मुख्यमंत्री बौखलाहट में हैं और मानसिक संतुलन खो बैठे हैं, क्योंकि 18 महीने में प्रदेश में सुखविन्द्र सिंह सुक्खू सरकार ने जनहित का एक भी काम नहीं किया है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस की सरकार ने काम किया होता तो कांग्रेस के नेता अपने काम के दम पर चुनावी जनसभाओं में जाते और जनता से काम के दम पर वोट मांगते परन्तु हार के डर से कांग्रेसी अपना आपा खो बैठे हैं और दूसरों पर आरोप लगाकर जनता को डरा धमका कर वोट लेने में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.