ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

सड़क हादसे में भाजपा नेता की मौत

बेगूसराय में तेज रफ्तार का कहर लगातार जारी है। बुधवार की सुबह भी राष्ट्रीय उच्च पथ (एनएच)-31 फोरलेन पर सड़क हादसे में एक भाजपा नेता की मौत हो गई। मृतक डंडारी थाना क्षेत्र के कटरमाला निवासी रामभज्जू प्रसाद सिंह हैं।

घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष रामभज्जू सिंह बेगूसराय स्टेशन रोड में अपने पुत्र के यहां रहते थे। बुधवार की सुबह वह साइकिल से चाणक्य नगर जा रहे थे। जेल से आगे एनएच पार करने के दौरान खगड़िया की ओर से काफी तेज गति से आ रहे एक चार चक्का वाहन ने कुचल दिया।

घटना के बाद आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचते, वाहन चालक गाड़ी लेकर भाग निकला। घटना के तुरंत बाद पहुंची नगर थाना की गश्ती टीम ने उन्हें सदर अस्पताल लाया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही सांसद गिरिराज सिंह के प्रतिनिधि अमरेन्द्र कुमार अमर, भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय मंत्री और पूर्व विधानसभा रजनीश कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष राज किशोर सिंह, संजय कुमार सिंह, वशिष्ठ नारायण सिंह एवं राकेश पांडेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं ने परिजनों से मिलकर सांत्वना दिया। इन लोगों ने अपने कर्मठ कार्यकर्ता के निधन पर शोक जताते हुए हर संभव सहयोग करने का आश्वासन दिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बेगूसराय में सड़क के किनारे अवैध पार्किंग एवं ई-रिक्शा चालकों की मनमानी के कारण लगातार सड़क हादसा हो रहा है। महमदपुर से लेकर जीरोमाइल तक सैकड़ों ट्रक सहित अन्य वाहन सड़क किनारे दिन भर लगा रहता है। मौके पर से अधिकारी भी गुजरते हैं, लेकिन उनकी नजर नहीं पड़ती है। इसी तरह ई-रिक्शा चालक मनमानी करते रहते हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि आज भी डिवाइडर के समीप ई-रिक्शा एवं एनएच के किनारे कई ट्रक खड़ा रहने से साइकिल सवार की नजर सामने से आ रहे वाहन पर नहीं पड़ी और हादसा हो गया। लोगों ने जिला प्रशासन से सड़क किनारे लगे वाहनों को हटाने की मांग की है। जिससे सड़क हादसे पर अंकुश लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *