बिहार में सत्ता परिवर्तन की तैयारी तेज, 15 अप्रैल को नई सरकार का शपथ ग्रहण संभव
बिहार की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक राज्य में नई सरकार के गठन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं और 15 अप्रैल को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
पटना पहुंचेंगे पीएम मोदी
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री 14 अप्रैल की शाम पटना पहुंचेंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। शपथ ग्रहण समारोह पटना स्थित लोक भवन में आयोजित किया जाएगा, जहां सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
नीतीश कुमार दे सकते हैं इस्तीफा
बताया जा रहा है कि मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 14 अप्रैल को कैबिनेट बैठक के बाद इस्तीफा दे सकते हैं। उसी दिन एनडीए विधायक दल की बैठक बुलाई गई है, जिसमें नए नेता का चयन किया जाएगा। राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
बीजेपी और जेडीयू की अहम बैठकें
14 अप्रैल को दोपहर 2 बजे भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की बैठक प्रदेश कार्यालय में होगी। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहेंगे। इसके बाद शाम में एनडीए विधायक दल की बैठक आयोजित की जाएगी।
इसी दिन जनता दल यूनाइटेड विधायक दल की बैठक भी मुख्यमंत्री आवास पर होगी, जिसमें पार्टी नेता अपने विधायक दल का नेता चुनेंगे। इस बैठक में नीतीश कुमार समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
कैबिनेट और डिप्टी सीएम पर चर्चा
सूत्रों के अनुसार, नई कैबिनेट में JDU की ओर से कई पुराने चेहरों को बरकरार रखा जा सकता है। वहीं, डिप्टी सीएम पद को लेकर भी चर्चाएं जारी हैं। नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के नाम पर विचार किया जा रहा है, हालांकि इस पर अंतिम फैसला अभी बाकी है।
बताया जा रहा है कि पार्टी के कई विधायक उन्हें डिप्टी सीएम बनाने के पक्ष में हैं, जबकि कुछ नेताओं का मानना है कि उन्हें पहले राज्यभर का दौरा कर संगठन को मजबूत करना चाहिए। कुल मिलाकर, बिहार में सत्ता परिवर्तन की पटकथा लगभग तैयार मानी जा रही है और 15 अप्रैल राज्य की राजनीति के लिए बेहद अहम दिन साबित हो सकता है।