ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

लोस चुनाव के आखिरी चरण में एक जून को राज्य की आठ सीटों पर होगा मतदान, सघन जनसंपर्क शुरू

लोकसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण में बिहार की आठ लोकसभा सीटों पर एक जून को मतदान होगा। इन सीटों पर राजग और इंडी गठबंधन के अलावा निर्दलीय भी ताल ठोक रहे हैं। चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद अब सभी उम्मीदवार सघन जनसंपर्क अभियान में जुट गए हैं।

सातवें चरण में बिहार की आठ सीटों नालंदा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम, काराकाट और जहानाबाद में कई दिग्गजों की साख दांव पर है। नालंदा से जदयू के मौजूदा सांसद कौशलेंद्र कुमार, पटना साहिब सीट से भाजपा के मौजूदा सांसद रविशंकर प्रसाद, पटना की दूसरी सीट पाटलिपुत्र से भाजपा के सांसद रामकृपाल यादव, आरा संसदीय सीट से भाजपा सांसद आरके सिंह, काराकाट सीट पर एनडीए के साझा उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है।

नीतीश के गृह लोकसभा क्षेत्र नालंदा संसदीय सीट पर जदयू के कौशलेंद्र कुमार का महागठबंधन के संदीप सौरभ, पटना साहिब सीट पर भाजपा उम्मीदवार रविशंकर प्रसाद और पूर्व लोकसभा स्पीकर मीरा कुमार के बेटे कांग्रेस उम्मीदवार अंशुल अभिजीत, पाटलिपुत्र सीट पर भाजपा उम्मीदवार रामकृपाल यादव और लालू प्रसाद की बेटी मीसा भारती, आरा में भाजपा उम्मीदवार आरके सिंह और महागठबंधन के सुदामा प्रसाद के बीच सीधी टक्कर है।

बक्सर संसदीय सीट पर एनडीए के मिथिलेश तिवारी और राजद के सुधाकर सिंह, सासाराम सीट पर एनडीए के शिवेश राम और महागठबंधन के मनोज कुमार भारती के बीच सीधा मुकाबला है जबकि काराकाट सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय है। काराकाट सीट से एनडीए के उपेंद्र कुशवाहा, निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे पावर स्टार पवन सिंह और महागठबंधन के राजा राम सिंह के बीच कड़ी टक्कर है। जहानाबाद सीट से जेडीयू के मौजूदा सांसद चंदेश्वर चंद्रवंशी और आरजेडी के सुरेंद्र यादव के अलावा पूर्व सांसद अरुण कुमार निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *