ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

पेरिस में गूंजा ‘सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा’, 14 जुलाई को मोदी होंगे बैस्टिल डे परेड के मुख्य अतिथि

फ्रांस की राजधानी पेरिस में 14 जुलाई को होने वाली बैस्टिल डे परेड के लिए हुए पूर्वाभ्यास के दौरान ‘सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा’ भी गूंजता रहा। इस परेड में भारत की थल, जल व वायु सेना के दल भी मार्च करेंगे और बुधवार को हुए पूर्वाभ्यास में भारत की तीनों सेनाओं के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। परेड के दौरान भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

भारतीय प्रधानमंत्री के मुख्य आतिथ्य को लेकर फ्रांसीसी सेना भी उत्साहित है। फ्रांस की वायु सेना के कर्नल थिएरी कहा कि बैस्टिल डे परेड पर जब फ्रांसीसी सैनिक मार्च कर रहे होंगे, तो वे भारत के प्रधानमंत्री और फ्रांसीसी राष्ट्रपति की ओर देखेंगे। यह बहुत भावुक कर देने वाला पल होगा, क्योंकि सैनिक उनसे लगभग 30 मीटर की दूरी पर होंगे। इस परेड में भारत की ओर से थल, जल व वायु सेना का दल भी भाग लेगा।

बुधवार को पूर्वाभ्यास के दौरान भारतीय दल ने ‘सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा’ की धुन पर मार्च किया। भारतीय नौसेना के कमांडर प्रतीक कुमार ने कहा कि यह न केवल सशस्त्र बलों के लिए बल्कि भारत के पूरे लोगों के लिए एक महान भावना है कि हमें फ्रांसीसी सरकार के प्रतिष्ठित कार्यक्रम बैस्टिल डे में प्रतिनिधित्व करने का मौका दिया गया है। हमें खुशी है कि हम थल सेना, नौसेना और वायु सेना की त्रि-सेवा टुकड़ी के हिस्से के रूप में यहां मौजूद हैं। इस दौरान वायु सेना की टुकड़ी आकाश में भी अपना जलवा दिखाएगी। इस संयुक्त फ्लाईपास्ट में राफेल भी मौजूद रहेगा। पूर्वाभ्यास के दौरान भी पेरिस के आकाश में राफेल उड़ते दिखाई दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *