ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

राम मंदिर चढ़ावा चोरी के बाद पहली बार संतों, VHP और RSS की अहम बैठक आज, कई मुद्दों पर होगी चर्चा

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले के बाद गुरुवार को पहली बार संतों, विश्व हिंदू परिषद (VHP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े प्रतिनिधियों की अहम बैठक होने जा रही है। यह बैठक दोपहर 3 बजे मणिराम दास छावनी में आयोजित होगी, जिसमें राम मंदिर ट्रस्ट की धार्मिक समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में साधु-संत शामिल होंगे।

बैठक को राम मंदिर से जुड़े हालिया घटनाक्रम और भविष्य की व्यवस्थाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

150 से अधिक संतों के शामिल होने की संभावना

बैठक के लिए अयोध्या के विभिन्न मंदिरों और मठों के साधु-संतों को आमंत्रित किया गया है। जानकारी के अनुसार, इसमें 150 से अधिक संतों के शामिल होने की संभावना है।

बैठक में ट्रस्ट की धार्मिक समिति के सदस्य निर्मोही अखाड़े के संत दिनेंद्र दास, मणिराम छावनी के स्वामी कमलनयन दास, रामवल्लभ कुंज के महंत राजकुमार दास, रामकथा कुंज के स्वामी रामानंद दास और स्वामी मिथिलेशनंदनी शरण मौजूद रहेंगे।

भक्तों का विश्वास बनाए रखने पर रहेगा जोर

बैठक का मुख्य एजेंडा राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना के बाद श्रद्धालुओं का विश्वास बनाए रखना और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करना बताया जा रहा है।

इसके अलावा मंदिर की पूजा व्यवस्था और धार्मिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हो सकती है। अयोध्या के कई संतों का कहना है कि मंदिर में पूजा-अर्चना का दायित्व रामानंदी संप्रदाय के संतों के नेतृत्व में संचालित किया जाना चाहिए।

चंपत राय की भूमिका पर भी हो सकती है चर्चा

राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय के इस्तीफे के बाद उनकी भूमिका को लेकर भी चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।

हालांकि अयोध्या के कई संत अभी भी चंपत राय के समर्थन में बताए जा रहे हैं। ऐसे में बैठक में इस मुद्दे पर अलग-अलग मत सामने आ सकते हैं।

इस बीच ट्रस्ट की धार्मिक समिति का पुनर्गठन भी किया जा चुका है। समिति के अध्यक्ष गोविंद देव गिरी बनाए गए हैं, जबकि सात सदस्यीय समिति में पांच संत अयोध्या से हैं।

चढ़ावा चोरी मामले में 8 आरोपी गिरफ्तार

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार लोगों में कैशियर और मंदिर से जुड़े अन्य कर्मचारी भी शामिल हैं। सभी आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:

  • राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव
  • रमाशंकर मिश्रा
  • सुभाष श्रीवास्तव
  • अनुकल्प मिश्रा
  • लवकुश मिश्रा
  • मनीष यादव
  • अविनाश शुक्ला
  • करुणेश पांडेय

मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस प्रकरण में आगे की कार्रवाई पर भी नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *