ऑस्ट्रेलिया ने पहले वनडे में भारत को 6 विकेट से हराया, बेथ मूनी बनी प्लेयर ऑफ द मैच
भारतीय महिला क्रिकेट टीम (IND-W) ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। सीरीज का पहला मैच 24 फरवरी 2026 को ब्रिस्बेन के एलन बॉर्डर फिल्ड में खेला गया। इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया महिला टीम (AUS-W) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को 6 विकेट से हराया और सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया 48.3 ओवर में 214 रनों पर ऑलआउट हो गई। स्मृति मंधाना ने 68 गेंदों पर 58 रन (7 चौके) बनाए, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 84 गेंदों पर 53 रन (3 चौके) की पारी खेली। निचले क्रम में काशवी गौतम ने 44 गेंदों पर 43 रन (3 चौके, 3 छक्के) की उपयोगी पारी खेली। ऋचा घोष ने भी 23 रन का योगदान दिया। हालांकि, बाकी बल्लेबाज ज्यादा कुछ नहीं कर पाए और 10 रन से कम स्कोर पर आउट हो गए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से एश्ले गार्डनर ने 3 विकेट और मेगन शुट्ट ने 2 विकेट चटकाए।
217 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने कभी दबाव में नहीं आने दिया। सलामी बल्लेबाज एलिसा हीली और फोएब लिचफील्ड ने पहले विकेट के लिए 55 रन जोड़े। लिचफील्ड 32 गेंदों पर 32 रन (6 चौके) बनाकर आउट हुईं, जबकि जॉर्जिया वॉल गोल्डन डक पर चलती बनीं। इसके बाद एलिसा हीली (70 गेंदों पर 50 रन) और बेथ मूनी (79 गेंदों पर 76 रन, 5 चौके, 2 छक्के) के बीच तीसरे विकेट के लिए 114 रनों की मजबूत साझेदारी हुई। मूनी की शानदार पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 38.2 ओवर में 217 रन बनाकर मैच जीत लिया। भारत की ओर से श्री चरनी ने 2 विकेट लिए। बेथ मूनी को उनकी उम्दा पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। यह हार भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय है, क्योंकि शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के अलावा कोई बड़ा स्कोर नहीं कर पाया। अब सीरीज का दूसरा वनडे महत्वपूर्ण होगा, जहां टीम इंडिया वापसी की कोशिश करेगी।