ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

जदयू के अंदर सब कुछ ठीक, सालाना पार्टी की बैठक होती है, नया कुछ भी नहीं: नीतीश

भूतपूर्व वित्त मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता स्व. अरुण जेटली की जयंती के मौके पर सीएम नीतीश ने पटना में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने पार्टी के अंदर किसी भी तरह के अंतर्कलह से इनकार करते हुए कहा कि जदयू कोर कमेटी की हर साल बैठक होती है। इसमें नया कुछ भी नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जदयू की बैठक पहले से दिल्ली में तय है। यह सामान्य बैठक है। हर वर्ष हम लोग इस तरह की बैठक करते हैं। सीएम ने एक प्रश्न के जवाब में कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर पार्टी में ऐसा कुछ भी नहीं है। साल में हम लोगों एक बार राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की बैठक करते हैं। पार्टी के अन्दर सब कुछ सामान्य है। भाजपा के साथ जाने के सवाल पर उन्होंने इसे कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

दूसरी ओर, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने ललन सिंह के इस्तीफे की खबर पर मीडिया से बात की और बड़े ही सधे हुए अंदाज में जवाब दिया कि हमलोगों ने लाखों नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा दिया। यह किसी को पच नहीं रहा है। इसलिए अनर्गल खबर चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया भी हमारी उपलब्धि को नहीं दिखाती है। पत्रकारिता जो तीन-तीन महीने पर इस तरह के आधारहीन खबर चलाने के लिए जागती रहती है और गलत खबर चलाती है तो इसपर क्या ही कहना है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में हो रहे काम और मुद्दे को लोग ढंकना चाह रहे हैं। इसलिए इस तरह की अफवाह उड़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि हमलोग इस मामले पर कितनी बार सफाई दें भाई। कल ही इस मामले पर विजय चौधरी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। फिर भी आपलोग एक ही सवाल पूछ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *