ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

सेक्स टेप कांड का आरोपित अधिवक्ता गिरफ्तार, भाजपा नेताओं पर लटकी तलवार

मेरठ में सेक्स टेप कांड का आरोपित अधिवक्ता बुधवार को पुलिस की पकड़ में आ गया। पुलिस ने आरोपित को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। अब इस मामले में आरोपित दो भाजपा नेताओं पर भी तलवार लटक गई है।

मेरठ के चर्चित सेक्स टेप कांड में आरोपित वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश चंद गुप्ता की मेरठ बार एसोसिएशन की सदस्यता समाप्त कर दी गई। पुलिस अधिवक्ता की तलाश में जुटी थी और वह फरार चल रहा था। बुधवार को दौराला पुलिस ने सकौती रेलवे स्टेशन फ्लाईओवर कट के पास से गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले पुलिस ने अधिवक्ता के घर पर छापेमारी करके लड़कियों की शॉर्ट ड्रेस बरामद की थी। उसका पासपोर्ट भी पुलिस ने जब्त कर लिया था। पुलिस को अधिवक्ता की आखिरी लोकेशन हरिद्वार मिली थी। उसके बाद से ही उसके दोनों मोबाइल फोन बंद आ रहे थे। इसके बाद पुलिस ने कड़ी सुरक्षा में आरोपित अधिवक्ता को कोर्ट में पेश किया। वकीलों के हमले के डर से सुरक्षा घेरा बनाया गया। कोर्ट ने अधिवक्ता को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

रेस्ट रूम में अधिवक्ता करता था अय्याशी

अधिवक्ता के खिलाफ पॉक्सो एक्ट का भी मुकदमा दर्ज किया गया है। अधिवक्ता ने किशोरी को अपने खिलाफ बयान नहीं देने के लिए 50 लाख रुपये तक का ऑफर दिया था। पुलिस ने अधिवक्ता के घर पर छापा मारा तो वहां अय्याशी के नए तरीकों का पता चला। घर में बने कैंप ऑफिस के रेस्ट रूम में लड़कियों की शॉर्ट ड्रेस बरामद हुई। शॉर्ट ड्रेस लड़कियों को पहना कर अधिवक्ता यौन शोषण करता था। सीओ दौराला अभिषेक पटेल के अनुसार, ऑफिस से पुलिस को लैपटॉप, कंप्यूटर का सीपीयू और पासपोर्ट मिला। लैपटॉप और कंप्यूटर सीपीयू की जांच की जा रही है।

भाजपा नेताओं के खिलाफ सुबूत जुटा रही पुलिस

इस कांड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो वरिष्ठ नेता फंसे हुए हैं। दर्जा राज्य मंत्री संजीव जैन सिक्का और भाजपा के महानगर महामंत्री अरविंद गुप्ता मारवाड़ी के खिलाफ भी किशोरी ने बयान दिए हैं। दोनों नेता खुद को निर्दोष बता रहे हैं और राजनीतिक रंजिश के तहत फंसाए जाने की बात कह रहे हैं। अरविंद गुप्ता मारवाड़ी आरोपित रमेश चंद गुप्ता का भांजा है। अब पुलिस दोनों भाजपा नेताओं के खिलाफ जांच कर रही है। एसपी सिटी पीयूष कुमार के अनुसार, मामले में तीन आरोपितों में से एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपितों के मामले में जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *