IPL 2027: मुंबई इंडियंस को आज मिलेगा नया कप्तान, क्या रोहित शर्मा की होगी वापसी?
आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस में बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है। फ्रेंचाइजी 27 नवंबर की शाम अपने नए कप्तान के नाम का ऐलान कर सकती है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या पांच बार टीम को चैंपियन बनाने वाले रोहित शर्मा एक बार फिर मुंबई इंडियंस की कमान संभालेंगे?
अगले आईपीएल सीजन में अभी वक्त है, लेकिन टीमों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। आईपीएल 2027 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 16 दिसंबर को गोवा में आयोजित होनी है। इससे पहले मुंबई इंडियंस के कप्तान को लेकर होने वाला ऐलान काफी अहम माना जा रहा है।
मुंबई इंडियंस से पंजाब किंग्स पहुंचे हार्दिक पांड्या
आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच बड़ा ट्रेड हुआ है। हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस का साथ छोड़कर पंजाब किंग्स में शामिल हो गए हैं। वहीं, पंजाब की ओर से अर्शदीप सिंह अब मुंबई इंडियंस का हिस्सा बन गए हैं।
इस बदलाव के बाद अगले सीजन में जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह एक ही टीम के लिए गेंदबाजी करते नजर आ सकते हैं। मुंबई के लिए यह गेंदबाजी विभाग में बड़ा बदलाव होगा।
27 नवंबर से हार्दिक पांड्या का भी है खास कनेक्शन
मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी है कि 27 नवंबर की शाम टीम के नए कप्तान का ऐलान किया जाएगा। दिलचस्प बात यह है कि तीन साल पहले इसी तारीख यानी 27 नवंबर 2023 को हार्दिक पांड्या की मुंबई इंडियंस में वापसी का ऐलान हुआ था।
हार्दिक ने 2024 से टीम की कप्तानी संभाली थी। हालांकि, उनके नेतृत्व में मुंबई इंडियंस को आईपीएल फाइनल तक पहुंचने में सफलता नहीं मिली। अब उनके टीम छोड़ने के बाद फ्रेंचाइजी नए कप्तान के साथ अगले सीजन की तैयारी में जुटी है।
क्या रोहित शर्मा फिर संभालेंगे मुंबई इंडियंस की कमान?
नए कप्तान के नाम को लेकर फिलहाल आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। टीम के पास सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह और तिलक वर्मा जैसे विकल्प भी मौजूद हैं। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा रोहित शर्मा की वापसी को लेकर हो रही है।
रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पांच बार आईपीएल का खिताब जीता है। ऐसे में अनुभव और पुराने रिकॉर्ड को देखते हुए उन्हें फिर से कप्तानी सौंपे जाने की संभावना जताई जा रही है।
हालांकि, अभी तक रोहित शर्मा के कप्तान बनने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। 27 नवंबर की शाम होने वाली घोषणा से ही साफ होगा कि आईपीएल 2027 में मुंबई इंडियंस की अगुवाई कौन करेगा।
