CM योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, 91 साल की उम्र में ली अंतिम सांस; PM से लेकर विपक्षी नेताओं तक ने जताया शोक
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि पौड़ी गढ़वाल के एसएसपी सर्वेश पंवार ने की है। बताया जा रहा है कि सावित्री देवी लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है।
पौड़ी गढ़वाल के एसएसपी सर्वेश पंवार के मुताबिक, सावित्री देवी का निधन पंचूर गांव में हुआ है। पुलिस और जिला प्रशासन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार के संपर्क में हैं। वहीं, उनका अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार में किए जाने की संभावना जताई गई है।
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख
सावित्री देवी के निधन की जानकारी उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए दी। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
सीएम धामी ने लिखा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी व्यक्त की संवेदना
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि जीवन के किसी भी पड़ाव पर मां का साया उठ जाना सबसे बड़ा और असहनीय आघात होता है। इस दुख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं योगी आदित्यनाथ और उनके पूरे परिवार के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
सीएम मोहन यादव और पीयूष गोयल ने जताया शोक
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी सावित्री देवी के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मां का जाना ऐसा दुख है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्मा को शांति देने की प्रार्थना की।
वहीं, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अपने संदेश में कहा कि मां का साथ छूटना जीवन का सबसे कठिन क्षण होता है। उन्होंने योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
अखिलेश यादव और मायावती ने भी जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर विपक्षी नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर सावित्री देवी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने भी इस घटना को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने योगी आदित्यनाथ के परिवार और रिश्तेदारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा- मां को खोने का दुख शब्दों में बयां नहीं हो सकता
भीम आर्मी प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि मां को खोने का दुख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रकृति से इस कठिन समय में परिवार को दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
लखनऊ में भाजपा की बैठक में दी गई श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर लखनऊ में आयोजित महिला मोर्चा प्रदेश प्रवास की बैठक में भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत अन्य नेता मौजूद रहे। बैठक में सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
