अटल बिहारी दीनदयाल मिशन ट्रस्ट की बैठक उदय भान करवरिया बनाए गए प्रदेश अध्यक्ष
लखनऊ: अटल बिहारी दीनदयाल मिशन ट्रस्ट, उत्तर प्रदेश की एक महत्वपूर्ण बैठक लखनऊ स्थित रिवर बैंक कॉलोनी के केंद्रीय कार्यालय में न्यायमूर्ति राघवेंद्र नारायण की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, प्रदेश पदाधिकारियों के चयन और आगामी सामाजिक एवं जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सर्वसम्मति से पूर्व विधायक उदयभान करवरिया को ट्रस्ट का उत्तर प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी के.के. शुक्ला ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को मानने वाले लोगों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना ही ट्रस्ट की स्थापना का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि संस्था दोनों महापुरुषों की विचारधारा के प्रचार-प्रसार के साथ सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के कार्यों के लिए समर्पित है।
उन्होंने बताया कि ट्रस्ट की पहली बैठक लखनऊ के महानगर स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर में महंत सिद्धेश्वरानंद गिरि महाराज की अध्यक्षता में आयोजित की गई थी। इसमें ट्रस्ट के राष्ट्रीय मुख्य संयोजक, मध्य प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री और पूर्व सांसद अनूप मिश्रा भी शामिल हुए थे।
25 दिसंबर को अटल जयंती पर शुरू होगी अटल रसोई
बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती यानी 25 दिसंबर के अवसर पर लखनऊ में ‘अटल रसोई’ शुरू करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इस पहल के माध्यम से गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। ट्रस्ट की योजना आने वाले समय में इस सेवा अभियान को प्रदेश के अन्य महानगरों और नगरों तक विस्तारित करने की है।
31 मार्च तक जिलों में गठित होंगी संगठन की इकाइयां
संगठन के विस्तार को लेकर बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 31 मार्च तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में ट्रस्ट की संगठनात्मक इकाइयां स्थापित की जाएंगी। इसके तहत प्रत्येक जिले में पदाधिकारियों की नियुक्ति कर संगठन को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।
प्रदेश के अन्य पदाधिकारियों के चयन और संगठनात्मक गठन के लिए एक चयन समिति भी बनाई गई है। इसमें प्रदेश अध्यक्ष उदयभान करवरिया, राष्ट्रीय संयोजक वेदव्रत बाजपेयी, रामनरेश जी और मुख्य ट्रस्टी के.के. शुक्ला के अलावा आशुतोष मिश्रा, विकास सिंह, सतीश तिवारी, चेतन, हिमांशु शेखर एडवोकेट, आलोक भट्ट, शैलेंद्र सिंह चौहान, कन्हैयालाल वर्मा, सभासद राजन और डॉक्टर गार्गी तिवारी सहित अन्य सदस्य शामिल हैं। समिति जल्द ही प्रदेश के अन्य पदाधिकारियों के नामों पर निर्णय लेकर उनकी घोषणा करेगी।
अंत्योदय और सुशासन के विचारों को जनसेवा से जोड़ने पर जोर
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि अटल बिहारी वाजपेयी के सुशासन, राष्ट्रवाद और सामाजिक समरसता के विचारों तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत को केवल विचार-विमर्श तक सीमित न रखा जाए। इन विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जनसेवा और सामाजिक कल्याण के कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने संगठन को मजबूत बनाने और जनहित से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की प्रतिबद्धता जताई।
