PM मोदी का बड़ा दावा: 12-13 साल में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए, भारत के निर्यात ने बनाया नया रिकॉर्ड
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में गरीबी कम होने को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि पिछले 12-13 वर्षों में भारत के करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। गुरुवार को फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) के 100वें वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि सही नीतियों और सही इरादे के साथ काम किया जाए तो बड़े बदलाव संभव हैं।
इस दौरान पीएम मोदी ने भारत की आर्थिक तरक्की, निर्यात में बढ़ोतरी और 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य पर भी बात की। उन्होंने उद्योग जगत से देश की विकास यात्रा में सक्रिय भूमिका निभाने और घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने की अपील की।
12 साल में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विश्व बैंक की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 12-13 वर्षों में करीब 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने 1970 के दशक के ‘गरीबी हटाओ’ नारे का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी देश की आबादी करीब 50 करोड़ थी। अगर उस दौर में सही नीतियां अपनाई गई होतीं तो गरीबी कम करने की दिशा में बड़े नतीजे हासिल किए जा सकते थे।
पीएम मोदी ने कहा कि आज सही नीतियों और सही इरादे के साथ काम करने का नतीजा है कि इतनी बड़ी संख्या में लोग गरीबी से बाहर आए हैं।
विश्व बैंक की रिपोर्ट के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2011 से 2023 के बीच भारत में 49.6 करोड़ लोग प्रतिदिन 4.20 डॉलर की गरीबी सीमा से ऊपर आए। इसी अवधि में अत्यधिक गरीबी की दर 27.1 फीसदी से घटकर 2.6 फीसदी रह गई।
भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है। कई वैश्विक संस्थानों ने भारत की आर्थिक विकास दर करीब 7 फीसदी रहने का अनुमान जताया है।
उन्होंने निर्यात के मोर्चे पर भी भारत की उपलब्धि का जिक्र किया। पीएम मोदी के मुताबिक, अक्टूबर में देश का निर्यात करीब 50 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जो एक महीने में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
2047 तक विकसित भारत बनाने में उद्योग जगत की अहम भूमिका
FICCI के 100 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री मोदी ने संगठन और उद्योग जगत को बधाई दी। उन्होंने कारोबारियों और उद्योगपतियों से अगले 20 वर्षों के लिए अपनी प्राथमिकताएं तय करने की अपील की।
पीएम मोदी ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब सरकार, उद्योग जगत और समाज के सभी वर्ग मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक तरक्की में युवा, किसान, मजदूर और कारोबारियों का महत्वपूर्ण योगदान है।
दवाओं के कच्चे माल के आयात पर निर्भरता कम करने की अपील
प्रधानमंत्री ने फार्मा सेक्टर का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत दुनिया में दवाओं के बड़े केंद्रों में शामिल है, लेकिन इसके बावजूद देश एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रीडिएंट्स (API) और अन्य जरूरी कच्चे माल का अरबों डॉलर का आयात करता है।
उन्होंने उद्योग जगत से ऐसे क्षेत्रों की पहचान करने को कहा, जहां भारत अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाकर दूसरे देशों पर निर्भरता कम कर सकता है। प्रधानमंत्री ने घरेलू उत्पादों और भारतीय निर्माताओं को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि देश की आर्थिक मजबूती के लिए स्वदेशी उत्पादन को प्रोत्साहित करना जरूरी है।
