ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, ED की याचिका खारिज; अंतरिम जमानत पर दखल देने से इनकार

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने इलाहाबाद हाईकोर्ट की ओर से दी गई आजम खान की अंतरिम जमानत के आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया है। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की याचिका का निपटारा कर दिया।

दरअसल, आजम खान को अंतरिम जमानत दिए जाने के इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ ED ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। एजेंसी ने हाईकोर्ट के उस निष्कर्ष पर भी आपत्ति जताई थी, जिसमें गिरफ्तारी को दुर्भावनापूर्ण कदम बताया गया था। ED का कहना था कि आजम खान को गिरफ्तारी के आधार की जानकारी नहीं दिए जाने का आरोप सही नहीं है और उनकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई।

ED ने अपनी याचिका में यह भी दलील दी थी कि हाईकोर्ट ने उसे हलफनामा दाखिल करने के लिए पर्याप्त समय दिए बिना जल्दबाजी में फैसला सुना दिया।

सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?

आजम खान की अंतरिम जमानत के खिलाफ ED की याचिका पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस एमएम सुंदरेश ने कहा कि अदालत इस मामले में हस्तक्षेप करने की इच्छुक नहीं है।

सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा, “चूंकि यह एक अंतरिम आदेश है, इसलिए हम इसमें दखल नहीं देना चाहते। हाईकोर्ट की राय प्रथम दृष्टया है और मामले का अंतिम फैसला करते समय इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।”

इस टिप्पणी के साथ ही शीर्ष अदालत ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के अंतरिम जमानत के आदेश को बरकरार रखा और ED की याचिका का निपटारा कर दिया।

तथ्यों को गलत तरीके से दर्ज किया गया: ASG

सुनवाई के दौरान ED की ओर से पेश हुए अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) एसवी राजू ने कहा कि मामले में तथ्यों को गलत तरीके से दर्ज किया गया है और अदालत को इस पर ध्यान देना चाहिए।

इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि उसने ASG की इस दलील पर ध्यान दिया है कि तथ्यों को गलत तरीके से दर्ज किया गया है। इसके साथ ही मामले का निपटारा कर दिया गया।

17 नवंबर को मिली थी अंतरिम जमानत, 18 नवंबर को जेल से आए बाहर

बता दें कि 17 नवंबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने ED के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आजम खान को अंतरिम जमानत दी थी। इसके बाद 18 नवंबर को वह डासना जेल से बाहर आए और रामपुर पहुंचे।

जेल से रिहा होने के बाद आजम खान ने आगामी चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था, “इस बार का चुनाव इंकलाब होगा, सैलाब होगा।” उनके इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में भी चर्चाएं तेज हो गई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *