• September 2, 2026

काशी रुद्राक्स की 56 रन से धमाकेदार जीत, मेरठ मावेरिक्स को हराकर टॉप-4 में बनाई जगह

यूपी टी20 लीग 2026 के चौथे सीजन में प्लेऑफ की तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो गई है। लीग चरण के 29वें और निर्णायक मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्राक्स ने टेबल टॉपर मेरठ मावेरिक्स को 56 रनों से करारी शिकस्त देकर प्लेऑफ में जगह पक्की कर ली। कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में काशी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन बनाए, जिसके जवाब में मेरठ की पूरी टीम 119 रन पर सिमट गई।

UPT20 2026 में ये चार टीमें पहुंचीं प्लेऑफ में

लीग चरण समाप्त होने के बाद पॉइंट्स टेबल में मेरठ मावेरिक्स 15 अंकों के साथ पहले स्थान पर रही। लखनऊ फाल्कन्स 13 अंकों के साथ दूसरे, जबकि काशी रुद्राक्स और नोएडा किंग्स 10-10 अंकों के साथ क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर रहीं।

इस जीत के साथ काशी रुद्राक्स ने प्लेऑफ का टिकट हासिल कर लिया। वहीं गौर गोरखपुर लायंस और कानपुर सुपरस्टार्स का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया।

करण शर्मा और वैभव जायसवाल ने दी मजबूत शुरुआत

‘करो या मरो’ के मुकाबले में काशी रुद्राक्स के कप्तान करण शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सलामी बल्लेबाजों ने कप्तान के फैसले को सही साबित किया और पहले विकेट के लिए 51 गेंदों में 75 रनों की शानदार साझेदारी की।

वैभव जायसवाल ने 24 गेंदों में 33 रन बनाए, जबकि कप्तान करण शर्मा ने 40 गेंदों पर 57 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।

इसके बाद विकेटकीपर-बल्लेबाज उपेंद्र यादव ने आते ही मेरठ के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। उन्होंने महज 29 गेंदों में 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 57 रन ठोक दिए। उनकी विस्फोटक पारी की बदौलत काशी रुद्राक्स ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 175 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

कार्तिक यादव ने मेरठ के टॉप ऑर्डर की कमर तोड़ी

176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मावेरिक्स की शुरुआत बेहद खराब रही। स्टार ओपनर स्वास्तिक चिकारा बिना खाता खोले ही कार्तिक यादव का शिकार बन गए।

कार्तिक यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में महज 12 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। उनके इस मैच जिताऊ प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

मेरठ की तरफ से दिव्यांश राजपूत ने 39 रन बनाकर संघर्ष करने की कोशिश की, लेकिन 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर वह हिट-विकेट आउट हो गए। इसके बाद मेरठ की पारी तेजी से लड़खड़ा गई।

ऋषभ राजपूत ने 3 विकेट और अटल बिहारी विपिन राय ने 2 विकेट लेकर काशी की जीत आसान कर दी। मेरठ की पूरी टीम 19.2 ओवर में सिर्फ 119 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

बारिश के कारण लखनऊ में होंगे सभी प्लेऑफ मुकाबले

कानपुर में लगातार बारिश और मैदान की स्थिति को देखते हुए यूपी टी20 लीग प्रशासन ने प्लेऑफ के सभी मुकाबले लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में कराने का फैसला किया है।

UPT20 2026 प्लेऑफ का पूरा शेड्यूल

3 सितंबर 2026, गुरुवार

  • क्वालिफायर-1: मेरठ मावेरिक्स बनाम लखनऊ फाल्कन्स — दोपहर 3:00 बजे
  • एलिमिनेटर: काशी रुद्राक्स बनाम नोएडा किंग्स — शाम 7:30 बजे

4 सितंबर 2026, शुक्रवार

  • क्वालिफायर-2: क्वालिफायर-1 की हारने वाली टीम बनाम एलिमिनेटर की विजेता — शाम 7:30 बजे

6 सितंबर 2026, रविवार

  • ग्रैंड फिनाले: क्वालिफायर-1 की विजेता बनाम क्वालिफायर-2 की विजेता — शाम 7:30 बजे

अब निगाहें इकाना स्टेडियम पर हैं, जहां प्लेऑफ मुकाबलों में चारों टीमें खिताबी दौड़ में उतरेंगी। डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्राक्स की नजरें लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम करने पर होंगी।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *