• September 2, 2026

आंध्र प्रदेश में 5,000 नए मंदिरों के निर्माण में आएगी तेजी, CM चंद्रबाबू नायडू ने दिए बड़े निर्देश

अमरावती: आंध्र प्रदेश में प्रस्तावित 5,000 नए मंदिरों के निर्माण की प्रक्रिया अब तेज होने जा रही है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) और धर्मादा विभाग के अधिकारियों को मंदिरों के लिए जमीन और स्थान जल्द तय करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्थल का अंतिम चयन होते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाए।

28 जिलों के 161 विधानसभा क्षेत्रों से आए 4,192 प्रस्ताव

मंदिर निर्माण को लेकर हुई समीक्षा बैठक में TTD के कार्यकारी अधिकारी मुद्दादा रवि चंद्र ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि राज्य के 28 जिलों के 161 विधानसभा क्षेत्रों से अब तक 4,192 मंदिरों के निर्माण के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। वहीं, 967 मंदिरों का निर्माण पूरा किया जा चुका है।

अधिकारियों के मुताबिक, नए मंदिरों का निर्माण तीन श्रेणियों के तहत किया जाएगा। इनमें अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) की बस्तियों, मछुआरा बस्तियों, कमजोर वर्गों की बस्तियों और सामान्य क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि स्थान चयन की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो, ताकि निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ सके।

श्रीवाणी ट्रस्ट के फंड के इस्तेमाल पर जोर

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने मंदिरों के निर्माण और धार्मिक कार्यक्रमों के लिए श्रीवाणी ट्रस्ट से प्राप्त धन का उपयोग करने का सुझाव दिया। उन्होंने TTD से हिंदू धर्म और आध्यात्मिकता के प्रचार-प्रसार से जुड़े कार्यक्रमों का विस्तार करने को भी कहा।

11.8 लाख श्रीवारी सेवा स्वयंसेवकों की मिलेगी मदद

नायडू ने कहा कि TTD के पास करीब 11.8 लाख श्रीवारी सेवा स्वयंसेवक हैं। नए मंदिरों के संचालन और विभिन्न गतिविधियों में इन स्वयंसेवकों की सेवाओं का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उन्होंने बोर्ड सदस्यों, श्रद्धालुओं और श्रीवारी सेवा स्वयंसेवकों को शामिल करते हुए कार्यकारी समितियां गठित करने की संभावना पर भी विचार करने के निर्देश दिए।

दूसरे राज्यों और विदेशों में भी बनेंगे वेंकटेश्वर मंदिर

मुख्यमंत्री ने अन्य राज्यों की राजधानियों में भगवान वेंकटेश्वर के मंदिर स्थापित करने का सुझाव दिया। इसके लिए संबंधित राज्य सरकारों से चर्चा करने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि मॉरीशस जैसे देशों से भी भगवान वेंकटेश्वर के मंदिरों के निर्माण की मांग सामने आ रही है।

नायडू ने इन श्रीवारी मंदिरों को हिंदुओं के प्रमुख आध्यात्मिक केंद्रों के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।

पुजारियों के प्रशिक्षण के लिए शुरू होगा विशेष कोर्स

नए मंदिरों में पुजारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री ने विशेष प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने मूर्तियों की स्थापना और पुजारियों के प्रशिक्षण को लेकर एक व्यापक योजना तैयार करने को भी कहा।

1,000 प्राचीन मंदिरों का होगा जीर्णोद्धार

मुख्यमंत्री ने राज्य के 1,000 मौजूदा प्राचीन मंदिरों के जीर्णोद्धार का भी आदेश दिया है। उन्होंने विशेष रूप से शिव मंदिरों और शक्तिपीठों के विकास पर ध्यान देने की बात कही।

इसके साथ ही राज्यभर के मंदिरों का विस्तृत डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। नायडू ने धर्मादा विभाग के करीब 28,000 मंदिरों, TTD के 65 मंदिरों और प्रस्तावित 5,000 नए मंदिरों के प्रभावी प्रबंधन के लिए पहले से व्यापक कार्ययोजना तैयार करने को कहा है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *