• September 1, 2026

निकाय-पंचायत चुनाव से पहले कांग्रेस का Gen-Z प्लान, ‘GenZ for Change’ कैंपेन लॉन्च

जयपुर: राजस्थान में आगामी नगर निकाय और पंचायत चुनावों से पहले कांग्रेस ने युवाओं को अपने साथ जोड़ने की रणनीति तेज कर दी है। प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म विभाग ने प्रोफेशनल Gen-Z कमेटी का ऐलान करते हुए ‘GenZ for Change’ कैंपेन की शुरुआत की है। पार्टी का खास फोकस डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े युवाओं और पहली बार राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले Gen-Z वर्ग पर है।

प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म विभाग के चेयरमैन सुमित भगासरा ने कहा कि Gen-Z युवाओं की समस्याओं और उनकी आकांक्षाओं को युवा ही बेहतर तरीके से समझ सकते हैं। इसी उद्देश्य से कैंपेन के माध्यम से युवाओं से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा और उनकी समस्याओं को राजनीतिक मंच तक पहुंचाने की कोशिश होगी।

AI वर्कशॉप से करियर काउंसलिंग तक, युवाओं के लिए होंगे कई कार्यक्रम

‘GenZ for Change’ कैंपेन के तहत युवाओं के लिए कई तरह की गतिविधियां आयोजित करने की योजना बनाई गई है। इनमें AI वर्कशॉप, स्किल डेवलपमेंट, करियर काउंसलिंग, इंटर्नशिप और डिजिटल एम्पॉवरमेंट जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।

इसके अलावा कांग्रेस की ओर से कंटेंट क्रिएटर्स को लीगल सपोर्ट उपलब्ध कराने की भी योजना बनाई गई है। पार्टी का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को केवल राजनीतिक गतिविधियों से जोड़ना नहीं, बल्कि उनके करियर, रोजगार और डिजिटल स्किल्स से जुड़े मुद्दों पर भी काम करना है।

जिला स्तर पर बनाई जाएंगी Gen-Z कमेटियां

कांग्रेस इस कैंपेन को केवल प्रदेश स्तर तक सीमित नहीं रखना चाहती। इसके लिए जिला स्तर पर भी Gen-Z कमेटियों के गठन की तैयारी की जा रही है।

ये कमेटियां कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में युवाओं के साथ संवाद करेंगी। इसके जरिए युवाओं की समस्याओं, सुझावों और विचारों को प्रदेश कांग्रेस तक पहुंचाने का काम किया जाएगा।

इस पहल के जरिए पार्टी की कोशिश डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ-साथ कॉलेज और यूनिवर्सिटी कैंपस में भी युवाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक्सपर्ट्स ने रखी अपनी बात

‘GenZ for Change’ कैंपेन के ऐलान के दौरान आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े Gen-Z प्रतिनिधियों ने भी युवाओं के मुद्दों पर अपनी बात रखी।

इस दौरान IITian और डेटा एनालिस्ट मोहित कुमार, एडवोकेट अनिरुद्ध सिंह, SMS के डॉक्टर बंटी शर्मा और नेशनल प्लेयर पूजा चौधरी समेत कई प्रतिनिधि मौजूद रहे।

चुनाव से पहले युवाओं पर कांग्रेस का फोकस

राजस्थान में आगामी नगर निकाय और पंचायत चुनावों से पहले कांग्रेस का यह कदम काफी अहम माना जा रहा है। पार्टी डिजिटल प्लेटफॉर्म, रोजगार, स्किल डेवलपमेंट और करियर जैसे मुद्दों के जरिए Gen-Z मतदाताओं और युवाओं से सीधा जुड़ने की कोशिश कर रही है।

‘GenZ for Change’ के जरिए कांग्रेस अब युवाओं को केवल वोट बैंक के तौर पर नहीं, बल्कि पार्टी के डिजिटल कैंपेन और जमीनी राजनीतिक संवाद का हिस्सा बनाने की रणनीति पर आगे बढ़ती नजर आ रही है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *