ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

चमोली में 52 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक की स्थापना के लिए भूमि हस्तांतरण को मंजूरी

सीमांत जनपद चमोली में आमजन को स्वास्थ्य लाभ मुहैया कराने के मद्देनजर जिला अस्पताल गोपेश्वर में जल्द ही 52 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक की स्थापना की जाएगी। इसको लेकर वर्षों से लंबित पड़ी 3 हजार वर्ग मीटर भूमि हस्तांतरण के मामले को शासन ने मंजूरी दे दी है।

यह जानकारी स्वास्थ्य सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने दी है। उन्होंने विगत माह में चमोली भ्रमण के दौरान यह पाया था कि जिला अस्पताल गोपेश्वर में जगह की कमी के कारण क्रिटिकल केयर ब्लॉक स्थापित नहीं हो पा रहे थे, जिसके कारण अति गंभीर रोगियों को इलाज मुहैया कराने में खासी परेशानी देखी जा रही थी। आमजन को स्वास्थ्य लाभ के लिए अन्य जनपदों में जाना पड़ रहा था।

मामले का संज्ञान लेते हुए तुरंत शासन में संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। जिसके बाद जिला अस्पताल के समीप भूमि का हस्तांतरण पीडब्ल्यूडी से स्वास्थ्य विभाग को कर दिया गया है। शीघ्र ही हाईटेक इक्विपमेंट से सुसज्जित 52 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक की स्थापना करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए जाएंगे और जल्द ही आमजन को स्वास्थ्य लाभ उन्हीं के गृह जनपद में मिलने लगेगा।

स्वास्थ्य सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने बताया कि क्रिटिकल केयर ब्लॉक की स्थापना के लिए विभागीय स्तर पर कार्य शुरु हो गया है। पहाड़ी जनपद में आपदा और दुर्घटना की संभावनाएं हमेशा बनी रहती हैं। ऐसी स्थिति में क्रिटिकल केयर ब्लॉक आमजन, पर्यटक, धार्मिक पर्यटक, साहसिक खेल प्रेमियों की लाइफ सेविंग में वरदान साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *