अमिताभ बच्चन का वो आइकॉनिक गाना, जो स्टूडियो नहीं बल्कि असली बारिश में हुआ था शूट

नई दिल्ली: बॉलीवुड में बारिश पर फिल्माए गए गानों की लंबी फेहरिस्त है, लेकिन इनमें से ज्यादातर गाने आर्टिफिशियल रेन के बीच शूट किए जाते हैं। हालांकि अमिताभ बच्चन का एक ऐसा आइकॉनिक गीत भी है, जिसे मेकर्स ने असली बारिश में फिल्माया था। यही वजह है कि आज भी इस गाने की ताजगी और नैचुरल फील लोगों को बेहद पसंद आती है।

कौन सा है यह सुपरहिट गाना?

यह गाना है ‘रिमझिम गिरे सावन’, जो फिल्म ‘मंजिल’ का हिस्सा है। साल 1979 में रिलीज हुई इस फिल्म में अमिताभ बच्चन के साथ दिग्गज अभिनेत्री मौसमी चटर्जी नजर आई थीं। फिल्म का निर्देशन बासु चटर्जी ने किया था, जबकि संगीत आर.डी. बर्मन ने दिया था। इस यादगार गीत को लता मंगेशकर और किशोर कुमार ने अपनी आवाज दी, वहीं इसके बोल गीतकार योगेश ने लिखे थे। बरसात के मौसम में आज भी यह गीत लोगों की प्लेलिस्ट का अहम हिस्सा बना रहता है।

असली बारिश में हुई थी शूटिंग

‘रिमझिम गिरे सावन’ को मुंबई के मरीन ड्राइव पर वास्तविक बारिश के दौरान फिल्माया गया था। बताया जाता है कि फिल्ममेकर इस गाने को पूरी तरह प्राकृतिक अंदाज में पर्दे पर उतारना चाहते थे। इसलिए कृत्रिम बारिश का सहारा लेने के बजाय उन्होंने असली बारिश में ही शूटिंग की। इस गीत की एक और खास बात यह है कि इसमें किसी तरह का डांस नहीं है। अमिताभ बच्चन और मौसमी चटर्जी केवल बारिश में भीगते हुए, हाथों में हाथ डाले मुंबई की सड़कों पर घूमते नजर आते हैं, जिससे गाने की सादगी और खूबसूरती और भी बढ़ जाती है।

मौसमी चटर्जी ने सुनाया था शूटिंग का किस्सा

एक इंटरव्यू में मौसमी चटर्जी ने बताया था कि उन्हें एहसास ही नहीं हुआ कि कैमरा कब चलने लगा। उन्होंने कहा कि वे दोनों काफी देर तक बारिश में भीगते हुए चलते रहे और बाद में पता चला कि उसी दौरान गाने की शूटिंग हो चुकी थी। मौसमी ने यह भी बताया था कि लगातार बारिश में भीगने की वजह से उनका काजल भी बह गया था, लेकिन यही नैचुरल लुक बाद में इस गीत की सबसे बड़ी खूबसूरती बन गया। आज भी ‘रिमझिम गिरे सावन’ को हिंदी सिनेमा के सबसे खूबसूरत और यादगार बारिश वाले गीतों में गिना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *