• June 30, 2026

यूपी में मॉनसून की एंट्री, 55 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; दिल्ली में जल्द दस्तक

नई दिल्ली: देश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब उसने बिहार के रास्ते पूर्वांचल होते हुए उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर लिया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 2-3 दिनों में मॉनसून के दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ समेत उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में पहुंचने की पूरी संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 30 जून तक मॉनसून मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख तक आगे बढ़ चुका है। साथ ही मौसम की परिस्थितियां अनुकूल होने के कारण अगले कुछ दिनों में यह राजस्थान, गुजरात, जम्मू-कश्मीर और शेष उत्तर भारत में भी सक्रिय हो सकता है। इस वर्ष मॉनसून ने सामान्य से लगभग तीन दिन की देरी से 4 जून को केरल तट पर दस्तक दी थी। इसके बाद यह दक्षिण भारत के तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में भारी बारिश का कारण बना। पूर्वोत्तर भारत से होते हुए यह बंगाल, बिहार और झारखंड पहुंचा और अब उत्तर प्रदेश में सक्रिय हो गया है। हालांकि, बीच में करीब 10 दिनों तक मॉनसून की रफ्तार धीमी रही, जिसका कारण अल नीनो सहित अन्य मौसमी कारक रहे। आमतौर पर यूपी और दिल्ली में मॉनसून 20 से 25 जून के बीच पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इसमें देरी हुई है और अब जुलाई की शुरुआत में इसके पहुंचने की उम्मीद है।

यूपी में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 55 जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। पूर्वी यूपी के कुशीनगर, गोरखपुर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, देवरिया, बलरामपुर, बस्ती और सुल्तानपुर में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, जौनपुर, कौशांबी, प्रतापगढ़, चित्रकूट, बांदा, चंदौली, सोनभद्र, आजमगढ़, बलिया और कानपुर समेत पूर्वांचल और अवध के कई जिलों में भी तेज बारिश हो सकती है। पश्चिमी यूपी के नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, अलीगढ़, आगरा, मुजफ्फरनगर, एटा, मैनपुरी और मथुरा में भी बारिश के आसार हैं।

लखनऊ में गर्मी बरकरार
राजधानी लखनऊ में फिलहाल तेज गर्मी बनी रहने का अनुमान है, जबकि आगरा, अलीगढ़ और बांदा जैसे जिलों में भी भीषण गर्मी पड़ रही है।

बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग ने कई इलाकों में बिजली गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लोगों को सलाह दी गई है कि गरज-चमक या आंधी के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें।

दिल्ली में जल्द राहत के आसार
दिल्ली-एनसीआर में उमस भरी गर्मी से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। 29 जून को राजधानी में चार साल की सबसे गर्म रात दर्ज की गई थी। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में प्री-मॉनसून बारिश और उसके बाद मॉनसून के सक्रिय होने का पूर्वानुमान जताया है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *