October 4, 2026

ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मन की बात: पीएम मोदी बोले- सोना न खरीदने और ईंधन बचाने की अपील को मिला जनता का भरपूर समर्थन

नई दिल्ली: वैश्विक स्तर पर ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और उससे पैदा हुई आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देशवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले की गई उनकी अपील—कुछ समय के लिए सोना खरीदने से बचने, पेट्रोल-डीजल की बचत करने और कार पूलिंग अपनाने—को लोगों ने सकारात्मक रूप से स्वीकार किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभर से उन्हें बड़ी संख्या में संदेश मिले हैं, जिनमें लोगों ने बताया कि वे उनकी अपील पर अमल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई परिवारों ने निर्णय लिया है कि घर में होने वाले विवाह समारोहों के लिए नया सोना खरीदने के बजाय पुराने सोने को रिसाइकिल कर नए आभूषण बनवाए जाएंगे। पीएम मोदी ने बताया कि कई लोगों ने कार पूलिंग को भी अपनाना शुरू कर दिया है। एक ही दिशा में यात्रा करने वाले लोग अब अलग-अलग वाहनों के बजाय साथ मिलकर सफर कर रहे हैं, जिससे ईंधन की बचत हो रही है। उन्होंने कहा कि यह देखकर खुशी होती है कि देशवासी हर चुनौती का मिलकर सामना करने की भावना के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने अपनी पूर्व अपील का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने लोगों से कुछ समय तक सोना खरीदने से बचने, विदेशों में छुट्टियां मनाने की बजाय देश में ही पर्यटन को बढ़ावा देने, कार पूलिंग अपनाने तथा किसानों से रसायन मुक्त खेती और प्राकृतिक खाद के अधिक उपयोग का आग्रह किया था। प्रधानमंत्री ने कहा कि नागरिकों का सहयोग यह दर्शाता है कि देश कठिन परिस्थितियों में भी सामूहिक जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार है। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष दुनिया के 2,500 से अधिक स्थानों पर योग दिवस के विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत और योग के प्रति वैश्विक विश्वास का प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.