October 4, 2026

ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

अखिलेश यादव का चुनावी ‘संकल्प’, यूपी में सरकार बनाने का दावा; अयोध्या को लेकर की बड़ी घोषणा

UP Politics News: सपा चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि हम धर्मनिष्ठता और सत्यनिष्ठता के साथ ये संकल्प लेते हैं कि नई सरकार बनाकर ‘अयोध्या’ को एक ऐसी अनुपम-अनुकरणीय धार्मिक नगरी के रूप में विकसित करेंगे

उत्तर प्रदेश में अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव 2027 (UP Assembly Election 2027) को लेकर राजनीतिक गरमाहट बढ़ने लगी है, इसी बीच समाजवादी पार्टी की तरफ से उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा सियासी बयान दिया गया है. समाजवादी पार्टी के मुखिया ने यूपी में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लिया है.

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने अपनी एक्स पोस्ट पर लिखा है कि “हम धर्मनिष्ठता और सत्यनिष्ठता के साथ ये संकल्प लेते हैं कि नई सरकार बनाकर ‘अयोध्या’ को एक ऐसी अनुपम-अनुकरणीय धार्मिक नगरी के रूप में विकसित करेंगे, जहां विश्व भर से आए श्रद्धालु सच्ची आध्यात्मिकता की अद्वितीय अनुभूति करेंगे.”

‘अयोध्या के लोगों के अधिकारों को पुनः करेंगे स्थापित’

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने अपनी एक्स पोस्ट पर यह भी लिखा है कि “प्रभु के आशीर्वाद के साथ, हम अयोध्या के सनातन मान को आस्था-श्रद्धा, अखंड विश्वास और सच्ची भावना के ‘सियाराम-धाम’ के रूप में पुनर्स्थापित और पल्लवित करेंगे. इससे अयोध्यावासियों के भी परंपरागत गौरवभान और अधिकारों को पुन: स्थापित करेंगे.”

अखिलेश यादव की घोषणा से बढ़ी हलचल

आपको बता दें कि, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का अयोध्या को संदर्भित करते हुए घोषणा उस वक्त पर की गई है, जब अयोध्या स्थित राम मंदिर कथित चंदा चोरी विवाद की वजह से लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. फिलहाल, अखिलेश यादव की घोषणा को लेकर उत्तर प्रदेश के सियासी हलकों में चर्चाएं बढ़ गई हैं.

मंत्री संजय निषाद ने विपक्ष को दी राम मंदिर मुद्दे पर राजनीति न करने की सलाह

उधर, योगी के मंत्री संजय निषाद ने भी राम मंदिर प्रकरण में बड़ा बयान दिया है. मंत्री संजय निषाद ने कहा है कि सीएम योगी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि मामले में दूध का दूध और पानी का पानी होगा, किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. साथ ही मंत्री संजय निषाद ने विपक्ष को इस मुद्दे पर राजनीति न करने की सलाह दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.