बंगाल कांग्रेस में बड़ा फेरबदल: जुल्फिकार अली बने विधायक दल के नेता, मोताब शेख को मिली उपनेता की जिम्मेदारी
पश्चिम बंगाल की राजनीति में कांग्रेस ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए विधायक दल के नेतृत्व में बदलाव किया है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद कांग्रेस विधायक दल के नेता और उपनेता की नियुक्ति कर दी गई है। इस संबंध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने आधिकारिक आदेश जारी किया है। जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुर्शिदाबाद जिले के रानीनगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक जुल्फिकार अली को पश्चिम बंगाल कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया है। वहीं, फरक्का विधानसभा सीट से विधायक मोताब शेख को विधायक दल का उपनेता बनाया गया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि यह नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
कौन हैं जुल्फिकार अली?
जुल्फिकार अली पश्चिम बंगाल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं। वह मुर्शिदाबाद के रानीनगर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं और व्यवसायिक पृष्ठभूमि से आते हैं। लंबे समय से क्षेत्रीय राजनीति में सक्रिय रहने वाले जुल्फिकार अली को संगठन और जनसंपर्क दोनों स्तरों पर मजबूत नेता माना जाता है।
मोताब शेख को मिली अहम जिम्मेदारी
फरक्का विधानसभा क्षेत्र से विधायक मोताब शेख को कांग्रेस विधायक दल का उपनेता नियुक्त किया गया है। वह भी मुर्शिदाबाद जिले से आते हैं और व्यवसाय से जुड़े रहे हैं। चुनावी हलफनामे के अनुसार, उन्होंने अपनी संपत्ति लगभग 17 करोड़ रुपये घोषित की थी। हालिया विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा उम्मीदवार सुनील चौधरी को 8,193 वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की थी।
बंगाल की राजनीति में बढ़ी हलचल
कांग्रेस का यह फैसला ऐसे समय आया है जब पश्चिम बंगाल की राजनीति में विभिन्न दलों के भीतर नेतृत्व और संगठनात्मक मुद्दों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस आगामी चुनावी रणनीति को ध्यान में रखते हुए राज्य में अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम उठा रही है। नई नियुक्तियों के साथ पार्टी को उम्मीद है कि विधानसभा के भीतर विपक्ष की भूमिका अधिक प्रभावी ढंग से निभाई जा सकेगी और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी।