पीएम मोदी से मिले म्यांमार के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग, भारत-म्यांमार संबंधों को मजबूत करने पर हुई अहम चर्चा
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और म्यांमार के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग के बीच सोमवार को नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में अहम मुलाकात हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और म्यांमार के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने, क्षेत्रीय सहयोग बढ़ाने और साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा की।
म्यांमार के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 30 मई से 2 जून तक भारत के आधिकारिक दौरे पर हैं। राष्ट्रपति बनने के बाद उनकी यह पहली भारत यात्रा मानी जा रही है। इस दौरे में उनके साथ कैबिनेट मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और प्रमुख व्यापारिक नेताओं का उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत पहुंचा है।
बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने भारत-म्यांमार संबंधों को नई मजबूती देने और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने को लेकर सकारात्मक बातचीत की। माना जा रहा है कि इस मुलाकात से दोनों देशों के रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को नई दिशा मिल सकती है।
इससे पहले रविवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल ने भी म्यांमार के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग से मुलाकात की थी। विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि दोनों पक्षों के बीच महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
वहीं, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को राष्ट्रपति ह्लाइंग से मुलाकात कर भारत-म्यांमार संबंधों को और मजबूत करने के प्रति उनके सकारात्मक दृष्टिकोण की सराहना की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए जयशंकर ने कहा कि शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए दोनों देशों की साझेदारी को आगे बढ़ाने को लेकर सकारात्मक माहौल बना हुआ है।
नई दिल्ली पहुंचने से पहले राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग बिहार के बोधगया दौरे पर थे। यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने उनका स्वागत करते हुए भारत और म्यांमार के बीच गहरे सभ्यतागत और आध्यात्मिक संबंधों को रेखांकित किया। महाबोधि मंदिर, बौद्ध धर्म का एक प्रमुख तीर्थ स्थल होने के साथ-साथ यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में भी शामिल है।