ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

कर्नाटक में नई सरकार को लेकर मंथन तेज, दिल्ली पहुंचे डीके शिवकुमार-सिद्धारमैया; कैबिनेट और डिप्टी सीएम पर होगी बड़ी चर्चा

बेंगलुरु/नई दिल्ली: कर्नाटक में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पद की शपथ से पहले मनोनीत मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की नई कैबिनेट को लेकर बेंगलुरु से दिल्ली तक बैठकों और मंथन का दौर जारी है। इसी सिलसिले में डीके शिवकुमार और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया सोमवार को एक साथ चार्टर्ड विमान से दिल्ली पहुंचे, जहां कांग्रेस आलाकमान के साथ नई सरकार के स्वरूप पर अहम चर्चा होने की संभावना है।

दिल्ली रवाना हुए इस प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मंत्री केजे जॉर्ज, एचसी महादेवप्पा, सिद्धारमैया के बेटे यतींद्र सिद्धारमैया और विधायक एस पोनन्ना भी शामिल रहे। माना जा रहा है कि दिल्ली में होने वाली बैठकों में मंत्रिमंडल गठन, विभागों के बंटवारे और डिप्टी सीएम पद को लेकर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस आलाकमान ने डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया दोनों से नई कैबिनेट के लिए संभावित मंत्रियों की सूची मांगी है। बताया जा रहा है कि पुरानी कैबिनेट के दो दर्जन से अधिक चेहरों की छुट्टी हो सकती है और कई नए नेताओं को मौका मिल सकता है।

जानकारी के अनुसार, 3 जून को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ करीब 9 से 14 मंत्री शपथ ले सकते हैं। वहीं बाकी मंत्रियों को बाद में कैबिनेट विस्तार के दौरान शामिल किए जाने की संभावना है, जो राज्यसभा चुनाव के बाद हो सकता है।

नई सरकार में डिप्टी सीएम पद को लेकर भी सियासी चर्चा तेज है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि कांग्रेस आलाकमान डीके शिवकुमार की टीम में चार डिप्टी सीएम रखना चाहता है। हालांकि, डीके शिवकुमार इस प्रस्ताव के पक्ष में नहीं बताए जा रहे हैं। ऐसे में दिल्ली में होने वाली बैठक में इस मुद्दे पर सबसे ज्यादा चर्चा होने की संभावना है।

उधर, बेंगलुरु में 3 जून को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां भी जोरों पर हैं। इस बीच संतों के एक समूह ने मनोनीत मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार से उनके आवास पर मुलाकात कर उन्हें आशीर्वाद दिया। इसे नई सरकार के गठन से पहले एक महत्वपूर्ण सांकेतिक मुलाकात माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *